कल का मौसम कैसा रहेगा : उत्तर भारत में ठंडक ने रफ्तार पकड़ ली है। पिछले 24 घंटे के दौरान तापमान में कई डिग्री सेल्सियस में कमी दर्ज की जा रही है, जिससे अब मौसम काफी बदलता नजर आ रहा है। मौसम विभाग का मानना है कि सप्ताह के अंत तक दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार में अब कोहरे के स्तर में बढ़ोतरी की संभावना व्यक्त की है। उधर, पहाड़ों पर फिलहाल कोई वेस्टर्न डिस्टर्बेंस नहीं आने वाला है। ऐसे में उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बारिश जैसी कोई संभावना नहीं है। हालांकि, ऊंचाई वाले हिस्सों पर बर्फबारी की गतिविधियां बढ़ेंगी। स्काईमेट के मुताबिक, समुद्री तूफान 'अकवान' के शक्तिशाली हो चला है, जो 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है, जिससे दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारी बारी बारिश रिकॉर्ड की जाएगी। इस दौरान तूफान की रफ्तार 120 से 145 किलोमीटर प्रति घंटे की हो सकती है। लिहाजा लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
कल का मौसम
राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम
राजस्थान में इस हफ्ते मौसम आमतौर पर शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि, 21-22 नवंबर को पूर्वी राजस्थान में कई जगह बादल छाए रह सकते हैं। विभाग के मुताबिक, राजस्थान के शेखावाटी इलाके में इन दिनों न्यूनतम तापमान छह से 10 डिग्री सेल्सियस, जबकि ज्यादातर अन्य हिस्सों में 10 से 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है। 24 घंटे की अवधि में सबसे कम न्यूनतम तापमान सीकर के फतेहपुर में 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले एक हफ्ते तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहने और तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं होने का अनुमान है। हालांकि, उसने कहा कि एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 21-22 नवंबर को पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहेंगे।
दिल्ली-एनसीआर में कल का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को इस मौसम की अब तक की सबसे सर्द सुबह दर्ज की गई। इस दौरान न्यूनतम तापमान गिरकर 10.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 1.7 डिग्री कम है। आईएमडी के अनुसार, दिन में हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं, अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 300 दर्ज किया गया, जो ’खराब’ श्रेणी में आता है। मानकों के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ’अच्छा’, 51 से 100 को ’संतोषजनक’, 101 से 200 को ’मध्यम’, 201 से 300 को ’खराब’, 301 से 400 को ’बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच को ’गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है।
अकवान के कारण कोलकाता में भारी बारिश
चक्रवाती तूफान ’अकवान’ के पूर्वी तट की ओर बढ़ने के बीच गुरुवार को पश्चिम बंगाल के दक्षिणी जिलों में अगले दो दिनों के दौरान भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। मौसम प्रणाली के प्रभाव से कोलकाता और राज्य के अन्य दक्षिणी जिलों में बारिश जारी है। चक्रवाती तूफान के शुक्रवार दोपहर तक दक्षिण ओडिशा के गोपालपुर के पास तट पार करने की संभावना है। आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, कोलकाता, हावड़ा और पश्चिम मेदिनीपुर के तटीय इलाकों में रातभर बारिश दर्ज की गई। शनिवार तक कोलकाता और दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक हो सकती है। मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में भीषण चक्रवाती तूफान के कारण समुद्र में खराब मौसम की आशंका को देखते हुए मछुआरों को शनिवार तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।
झारखंड में अकवान का कहर
चक्रवात ’अकवान’ के शुक्रवार दोपहर को उत्तरी आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच तट से टकरा चुका है। आईएमडी के मुताबिक, प्रभाव से झारखंड के कुछ हिस्सों में दो से तीन दिनों तक भारी बारिश हो सकती है। इस मौसम प्रणाली का असर राज्य के दक्षिणी और मध्य भागों में गुरुवार शाम से ही महसूस किया जा सकता है। इस दौरान रुक-रुककर हल्की बारिश होने की आशंका है। शुक्रवार को झारखंड के 11 जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार को भी आठ जिलों के लिए यही अलर्ट जारी किया गया है। अगले 24 घंटे के दौरान जिन जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है, उनमें लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रामगढ़, रांची, खूंटी, बोकारो, धनबाद, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम शामिल हैं। मौसम विभाग ने 21 और 22 नवंबर को गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में भी भारी बारिश होने की संभावना है।
