Kal Ka Mausam (कल का मौसम कैसा रहेगा): उत्तर भारत में मौसम की चाल से लोग बड़े परेशान हैं। दिन में तेज धूप के चलते जहां गर्मी अनुभव होती है, वहीं देर रात और सुबह तापमान डराने वाला है। सुबह के समय घने कोहरे की वजह से उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में आवाजाही पर असर पड़ रहा है। आज यानी बुधवार 29 जनवरी को सुबह दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर दो दर्जन से ज्यादा गाड़ियां घने कोहरे की वजह से आपस में टकरा गईं। उधर ऊंचे पहाड़ी इलाकों में भी तापमान लगातार शून्य डिग्री से नीचे बना हुआ है। उत्तराखंड के मुनस्यारी में सुबह का तापमान -5 डिग्री दर्ज किया गया। लद्दाख के स्कर्दू में -9.6 डिग्री, लेह में 5.9 डिग्री और गुलमर्ग में -2.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। मैदानी इलाकों में दिन में गर्मी और रात को ठंग का एहसास हो रहा है।
कल कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग यानी IMD के अनुसार कल यानी गुरुवार 30 जनवरी को उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा और उत्तर पूर्वी राज्यों में घने कोहरे की चेतावनी दी गई है। उत्तर-पूर्वी राज्यों में बिजली चमकने की भी चेतावनी दी गई है। इसके अलावा तमिलनाडु में भी कोहरे की चेतावनी दी गई है। यही नहीं तमिलनाडु में कल बिजली गिरने के साथ ही कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। तमिलनाडु और केरल में 31 जनवरी को भी भारी बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश में 31 जनवरी को भारी बारिश की चेतावनी पहले ही दी गई है। 31 जनवरी से उत्तर पश्चिमी राज्यों के मैदानी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ की गतिविधियों के चलते बारिश हो सकती है।
दिल्ली में तापमान
जैसा कि हमने ऊपर बात की कि उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में सुबह और देर रात तापमान कम बना हुआ है। राजधानी दिल्ली के सफदरजंग में आज न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री दर्ज हुआ जो सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। इसी तरह आयानगर में 7 डिग्री (-2), लोधी रोड में 7.2 डिग्री (-0.8), रिज इलाके में 8.5 डिग्री (-1.5) और पालम क्षेत्र में 8.9 डिग्री सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया।
तापमान को लेकर IMD की चेतावनी
दिल्ली के तापमान में अभी बहुत बड़े बदलाव की घोषणा IMD ने नहीं की है। उत्तर पश्चिमी भारत में अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। इसके बाद तापमान स्थिर बना रहेगा। सेंट्रल और पूर्वी भारत में भी अगले 3 दिन में न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री तक की बढोतरी हो सकती है, इसके बाद कोई बड़ा बदलाव अभी नहीं देखा जाएगा।
कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश में घने कोहरे की चेतावनी दी है। इसके अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश और असम में भी कोहरे की चेतावनी दी है। अरुणाचल प्रदेश और असम में बिजली चमकने की भी चेतावनी दी गई है।
बारिश का अलर्ट
कल अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में 31 जनवरी से 4 फरवरी के बीच बारिश की संभावना है। IMD का कहना है कि उत्तर पश्चिमी भारत के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में 1 फरवरी से 4 फरवरी के बीच दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस दस्तक देंगे। इन वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से कई इलाकों में बारिश का नया दौर शुरू होगा। जबकि पहाड़ी इलाकों में फिर से बर्फबारी शुरू हो सकती है।
शीत लहर की चेतावनी
उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों और नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में तापमान लगातार नीचे बना हुआ है। कई स्थानों पर तापमान शून्य से भी नीचे बना हुआ है, जिसकी वजह से वहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में शीत लहर का प्रभाव है। बाकी किसी भी इलाके में फिलहाल शीतलहर यानी कोल्ड वेव की स्थिति नहीं है।
