अगले 2 दिन लुढ़केगा तापमान, आधे भारत में बारिश, आंधी-तूफान; ओले-वज्रपात से रहें सावधान

अगले 24 घंटे के दौरान समूचे उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव रहने से आंधी और बारिश के साथ ओलावृष्टि-बिजली गिरने का अलर्ट घोषित किया गया है। पहाड़ों पर नये मजबूत विक्षोभ के असर से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में भारी बर्फबारी और बारिश की संभावना है। उधर, दक्षिण भारत के तीन से चार राज्यों और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में आंधी-तूफान व भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। अधिकांश राज्यों में ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान में कई डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की जाएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

देश के विभिन्न राज्यों में आसमान पर बादल छाए हुए हैं और सूरज भी नर्म पड़ गया है। मौसमी गतिविधियां होने से तापमान में गिरावट के बाद गर्मी से राहत मिल रही है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 से 48 घंटों के दौरान पहाड़ों पर मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा, जिसके असर से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले भागों पर मौसम खराब रहेगा। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और मेघ गर्जन के साथ बारिश और बर्फबारी होगी। इधर, समूचे उत्तर भारत में विक्षोभ के प्रभाव से बादलों की आवाजाही जारी है और 19-20 मार्च को दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों पर तेज धूल भरी आंधी-बारिश व ओलावृष्टि के बीच आकाशीय बिजली गिरने का खतरा जताया गया है। खराब मौसम से रबी की फसल को व्यापक नुकसान की आशंका है। गुरुवार और शुक्रवार को पूर्वोत्तर राज्यों ओडिशा, सिक्किम, झारखंड, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल के कई स्थानों पर आंधी-तूफान तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। स्काईमेट ने कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, महाराष्ट्र, विदर्भ और मराठवाड़ा में बादलों के बरसने के संकेत हैं।

Mausam Kal

कल का मौसम

यूपी में कल मौसम का हाल

उत्तर प्रदेश कई जिलों में मौसम बदला हुआ है और आसमान बादलों से ढके नजर आ रहे हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान पश्चिमी यूपी में तेज हवाओं के साथ गिरी बौछारों ने तापमान पर बड़ा प्रभाव डाला है, जिससे गर्मी की छुट्टी सी हो गई है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 20 मार्च तक राज्य के 20 से अधिक जिलों नोएडा, गाजियाबाद, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, अमरोहा, मेरठ, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, बदायूं, संभल, हापुड़, अलीगढ़, बुलंदशहर, आगरा, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा और फिरोजाबाद में मेघ गर्जन के साथ आंधी-बारिश का अलर्ट है। इस दौरान वेस्ट यूपी के कुछ जिलों में ओले गिर सकते हैं और कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। हालांकि, बुंदेलखंड, रुहेलखंड और अवध में आंशिक तौर पर बादलों की आवाजाही हो सकती है, लेकिन बारिश को लेकर कोई बड़ा अंदेशा नहीं जताया गया है। फिलहाल, अगले कई दिनों तक तापमान में गिरावट होने से गर्मी से राहत रहेगी।

End of Feed