कल का मौसम कैसा रहेगा : देश के दक्षिणी राज्यों में उत्तर पूर्वी मानसून (Northeast Monsoon) के एक्टिव होने से एक बार फिर से बारिश की गतिविधियां बढ़ गई हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, तमिलनाडु, पुडुचेरी में भारी बारिश रिकॉर्ड की जा रही है। अगले कुछ घंटे तक केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों पर मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान समुद्री हिस्सों पर तूफानी हवाएं चलने का अनुमान है। उधर, पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों पर आंधी, मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम स्तर का पानी बरस सकता है। इधर, उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) कमजोर हो गया है, जिससे बारिश की संभावनाएं कम हो गई हैं। हालांकि, पहाड़ों पर हल्की वर्षा और बर्फबारी से तापमान में कई डिग्री सेल्सियस की कमी आने से लोगों को ठंडक का एहसास हो रहा है। इधर, यूपी, बिहार, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा-पंजाब के कुछ भागों पर बादलों की आवाजाही हो सकती है, लेकिन पानी बरसने की संभावनाएं कम हैं। लेकिन, अब रात के तापमान में कमी आने से सर्द का एहसास होने लगा है।
कल का मौसम
राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से हल्की से मध्यम बारिश हुई। वहीं कई स्थानों पर आज भी बारिश होने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में परिसंचरण तंत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से शनिवार को भरतपुर, कोटा, जयपुर, अजमेर संभाग में कहीं-कहीं 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की उम्मीद है। साथ ही हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसी तरह जयपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में हल्की बारिश की गतिविधियां 18 अक्टूबर को भी जारी रहने की संभावना है। हालांकि 19 अक्टूबर से राज्य के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। मौसम केंद्र के अनुसार पश्चिमी राजस्थान के ज्यादातर भागों में आगामी पांच-छह दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है। उत्तर पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ 23-24 अक्टूबर को सक्रिय हो सकता है।
दिल्ली-एनसीआर में कल का मौसम
दिल्ली-एनसीआर का मौसम साफ है, हालांकि बीच-बीच में बादलों की आवाजाही लगी हुई है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने अगले कुछ दिनों तक आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान जताया है। दिल्ली की वायु गुणवत्ता ’मध्यम’ श्रेणी में दर्ज की जा रही है। सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, एक्यूआई 134 के आसपास है। एक्यूआई शून्य से 50 के बीच अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर श्रेणी में माना जाता है।
दक्षिण भारत में उत्तर-पूर्वी मानसून का असर
दक्षिण भारत के अधिकांश राज्यों में उत्तर-पूर्वी मानसून का असर है। मौसम विभाग ने खासकर, तमिलनाडु में भीषण बारिश का अलर्ट जारी किया है। नए मौसमी तंत्र के कारण तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में मेघ गर्जन के साथ तेज आंधी-तूफान आने के साथ मूसलाधार बारिश होने का पूर्वानुमान है। हालांकि, आंतरिक हिस्सों पर तीव्रता कम रहने का अनुमान है। ये मौसमी गतिविधियां अगले कई दिनों तक रुक-रुक कर जारी रहने का अनुमान है। उधर, पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में मौसम खराब रहने की संभावना व्यक्त की जा रही है। खासकर, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, नागालैंड, त्रिपुरा समेत कई स्थानों पर बादलों की आवाजाही रहेगी और मध्यम से भारी स्तर की बारिश रिकॉर्ड की जाएगी।
तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट
तमिलनाडु के छह जिलों में शनिवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने उत्तर-पूर्वी मानसून के कारण राज्यभर में बारिश होने की आशंका जताई है, जिसके चलते भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। उधर, पुडुचेरी और उसके आसपास के इलाकों में पिछले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश दर्ज की गई। तमिलनाडु के तिरुवल्लूर, कांचीपुरम, रानीपेट, विलुपुरम, नीलगिरी और कोयंबटूर में सबसे अधिक बारिश होने की संभावना है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार चेन्नई और पड़ोसी चेंगलपट्टू समेत कई अन्य जिलों में भी भारी बारिश हो सकती है। तिरुनेलवेली, कन्याकुमारी, थेनी, दिंडीगुल, मदुरै, तिरुप्पुर, वेल्लोर और कल्लकुरुची उन जिलों में शामिल हैं जहां दिन के दौरान भारी बारिश होने की संभावना है। इरोड, धर्मपुरी, कृष्णागिरी और सेलम के साथ-साथ डेल्टा क्षेत्र में मयिलादुथुराई, नागापट्टिनम, तिरुवरूर और तंजावुर में भी भारी वर्षा की भविष्यवाणी की गई है।
