Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा): दिल्ली एनसीआर सहित उत्तर भारत में हाड़ कंपा देने वाली ठंड का दौर जारी है, जबकि पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का दौर चल रहा है। इसके अलावा उत्तर पश्चिम भारत में हल्की से मध्य स्तर की बारिश हुई है और ओले भी गिरे हैं। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में शीतलहर के साथ कोहरा छाया रहा। दिल्ली-एनसीआर में बीते दिनों हुई हल्की बारिश की वजह से रविवार सुबह से ही बादल छाए हुए थे और हवा भी चल रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई है। साथ ही कड़ाके की ठंड का दौर जारी रहने की आशंका है।
दिल्ली में कितना प्रदूषण है?
दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) पिछले कुछ दिनों से 'गंभीर' से 'बहुत खराब' की श्रेणी में बना हुआ था, लेकिन रविवार तड़के एक्यूआई सुधकर 'खराब' श्रेणी में आ गया। केंद्र के समीर ऐप के मुताबिक, रविवार सुबह एक्यूआई 285 था। मौसम के करवट बदलने की वजह से सोमवार को एक्यूआई में थोड़ा बहुत परिवर्तन हो सकता है। मौसम विभाग ने कहा कि 14 जनवरी, 2025 की रात से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है और गुरुवार और शुक्रवार को मध्यम और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान लगाया है।
अभी घने कोहरे से नहीं मिलेगी राहत
उत्तर पश्चिम भारत में घने से बहुत ज्यादा घना कोहरा आगामी दो-तीन दिनों तक जारी रह सकता है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा-चंडीगढ़, पंजाब, राजस्थान में सोमवार को घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। अगर पश्चिमी विक्षोभ की बात की जाए तो पहाड़ी और मैदानी इलाकों में आज बारिश हो सकती है। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ अभी मैदानी इलाकों को प्रभावित करेगा। आगामी 14 तारीख से इसका असर दिखाई देगा और 16 तारीख तक हल्की बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है।
तापमान पूर्वानुमान
- आईएमडी के मुताबिक, उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट और उसके बाद के 3 दिनों के दौरान 2-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।
- पश्चिम भारत में अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट और उसके बाद 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।
- पूर्वी भारत में अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी और उसके बाद 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।
- पश्चिम भारत में अगले 5 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव की संभावना नहीं है।
मौसम की चेतावनी
आईएमडी के मुताबिक, दक्षिणी तमिलनाडु में आज आंधी तूफान के साथ भारी बारिश हो सकती है। केरल में आंधी तूफान की संभावना है। उत्तरी मध्य प्रदेश और उत्तरी उत्तर प्रदेश में आंधी तूफान के साथ हल्की बारिश की संभावना है। मैदानी इलाकों के अलावा पहाड़ी राज्यों में भी आज और कल घना कोहरा देखने को मिल सकता है। राजस्थान, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में आज कोल्ड डे की स्थिति देखे जाने की संभावना है।
कल कैसा रहेगा मौसम
पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी राजस्थान में कल यानी 13 जनवरी को कोल्ड डे की स्थितियां देखे जाने की संभावना है। इन राज्यों में 13 और 14 तारीख को घना कोहरा छाया रह सकता है, लेकिन बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं हुई है।
दिल्ली में कल मौसम कैसा रहेगा?
दिल्ली एनसीआर में कोहरा छाए रहने की संभावना है। रविवार को भी दिल्ली में सुबह के समय कोहरा और बादल छाए रहे हैं। दिल्ली में सुबह साढ़े आठ बजे तक 2.2 मिमी बारिश हुई और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से एक डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने दिन में हल्की बारिश के साथ बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता का स्तर 100 प्रतिशत रहा।
UP, पंजाब, हरियाणा में कैसा रहेगा कल मौसम
आईएमडी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के अलग-अलग स्थानों में 12-13 जनवरी को रात/सुबह के समय घने से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। हरियाणा-चंडीगढ़ के मौसम में भी ज्यादा परिवर्तन नहीं होने वाला है। हरियाणा-चंडीगढ़ के कई स्थानों में 12-13 जनवरी को और कुछ स्थानों में ।4 जनवरी को रात/सुबह के समय घने से बहुत घना कोहरा देखने को मिल सकता है। पंजाब की बात की जाए तो वहां पर भी 12-13 जनवरी को और कुछ स्थानों में 14 जनवरी को रात/सुबह के समय घने से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
राजस्थान में मौसम कैसा कल रहेगा
राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हुई और कहीं कहीं ओलावृष्टि दर्ज की गई। जयपुर मौसम केन्द्र के अनुसार, रविवार सुबह कुछ स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा छाया रहा और कहीं कहीं पर कोल्ड डे से शीवियर कोल्ड डे दर्ज किया गया। जल्द ही पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई देगा और तीन दिनों तक हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी।
मौसम केंद्र के प्रवक्ता ने बताया कि रविवार सुबह तक राज्य के चुरू जिले के सादुलपुर में सबसे अधिक 24 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई। राज्य में जैसलमेर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि इस दौरान धौलपुर-पिलानी-उदयपुरवाटी में 20-20 मिली मीटर और जयपुर के शाहपुरा, सीकर के नीम का थाना, धौलपुर के राजाखेडा, बारां के शाहबाद, झुंझुंनू के मलसीर, सीकर के श्रीमाधोपुर, दातांरामगढ, सीकर, नागौर के परबतसर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ सहित अनेक स्थानों पर 10-10 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 15 जनवरी से एक और नया मौसम तंत्र विकसित होने की संभावना जताई है, जिसके प्रभाव से उदयपुर, कोटा के अलावा जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में बादल छाने और कहीं-कहीं बारिश होने का पूर्वानुमान है।
