Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा) : उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बदलने के संकेत मिल रहे हैं। खासकर, पहाड़ी राज्यों में एक बार फिर मौसमी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। आईएमडी ने 13, 14 और 15 दिसंबर को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश के कुछ ऊंचाई वाले स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। इस दौरान हल्की हवाएं बहेंगी और पहाड़ियों में कोहरा छाया नजर आएगा। इस नए वेदर सिस्टम का सीधा असर हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों पर पड़ेगा, जिसके कारण अगले सप्ताह तक बादलों का आंशिक तौर पर आना जाना लगा रह सकता है। दिल्ली, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में शीतलहर और घने कोहरे के दस्तक देने की संभावना नजर आ रही है। उधर, पूर्वोत्तर के राज्यों में भी सर्दी और कोहरे की आहट मिल रही है। स्काईमेट ने अगले 24 घंटे के मौसम का पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि अंडमान निकोबार एवं द्वीप समूह में तेज आंधीनुमा हवाओं के साथ भारी बारिश रिकॉर्ड की जा सकती है, जबकि तमिलनाडु के तटीय हिस्सों में हल्की बारिश का अलर्ट है।
यूपी-बिहार का मौसम कल
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में अगले कुछ घंटों में मौसम परिवर्तित हो सकता है। पहाड़ों पर नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का आंशिक प्रभाव दिखाई दे सकता है। आईएमडी के मुताबिक, 13 से 15 दिसंबर तक राज्य के कुछ हिस्सों में तेज कोहरा छा सकता है, लेकिन पूर्वी हिस्सों में धुंध और कोहरे से दृश्यता पर बड़ा प्रभाव पड़ेगा, जिससे रेल और सड़क यातायात पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा, जिससे ट्रेनें विलंब से चलेंगी। उधर, बिहार में तेज सुरीली हवाएं दिन में बह रही हैं, जिससे धूप बेअसर साबित हो रही है। लगातार गिरते तापामान से लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, मिथिलांचल समेत अन्य रीजन कोहरे की गिरफ्त में रहेंगे और कड़ाके की सर्दी का एहसास होगा।
दिल्ली-एनसीआर में कल एक्यूआई
दिल्ली-एनसीआर में दिन में सर्दी का एहसास हो रहा है। शुक्रवार को घना कोहरा छाया नजर आया। मौसम विभाग के मुताबिक, न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट होने से ठंडक बढ़ती जा रही है। आईएमडी के मुताबिक, 12 दिसंबर को न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस और तापमान अधिकतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। ऐसे ही अगले तीन दिनों तक तापमान के बने रहने की संभावना जताई गई है। 12, 13 और 14 दिसंबर को एनसीआर में हल्का से मध्यम कोहरा नजर आएगा। फिलहाल, एक्यूआई 332 पर पहुंच गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। दिल्ली अगले छह दिनों के पूर्वानुमान में भी वायु गुणवत्ता के बहुत खराब श्रेणी में रहने की आशंका जताई गई है।
कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ का अलर्ट
कश्मीर में कड़ाके की ठंड का असर देखा जा रहा है। श्रीनगर में रात न्यूनतम तापमान शून्य से 3 डिग्री सेल्सियस, काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस, कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से 3 डिग्री सेल्सियस नीचे, कोकरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। जबकि पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 4 डिग्री सेल्सियस, गुलमर्ग में रात का तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा रहा है। उधर, दक्षिण कश्मीर का पुलवामा जम्मू कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान शून्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि शोपियां में न्यूनतम तापमान शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। मौसम विभाग ने कहा है कि 13 से 17 दिसंबर के बीच उत्तरी और मध्य कश्मीर के कुछ ऊंचे इलाकों में बहुत हल्की बर्फबारी की संभावना है। आईएमडी के अनुसार, 18 और 19 दिसंबर को आंशिक या सामान्य रूप से बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन 20-21 दिसंबर को ‘चिल्ला-ए-कलां’ शुरू होने के साथ ही घाटी के छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी के आसार है।
क्या है चिल्ला-ए-कलां
‘चिल्ला-ए-कलां’ यानी सर्दियों का सबसे कठोर दौर होता है। यह 21 दिसंबर से शुरू होता है। 'चिल्ला-ए-कलां' के 40 दिनों के दौरान बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक होती है और तापमान में काफी गिरावट आती है। मौसम विभाग ने कहा कि आने वाले दिनों में घाटी के कई स्थानों पर हल्के से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है।
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| दिल्ली | 10°C | 23°C |
| चंडीगढ़ | 9°C | 22°C |
| जयपुर | 10°C | 23°C |
| भोपाल | 10°C | 24°C |
| मुंबई | 21°C | 29°C |
| लखनऊ | 10°C | 23°C |
| पटना | 12°C | 24°C |
| कोलकाता | 14°C | 26°C |
| देहरादून | 8°C | 19°C |
| शिमला | 6°C | 17°C |
| जम्मू-कश्मीर | 4°C | 13°C |
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड का मौसम
13 दिसंबर को कमजोर पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय की ओर बढ़ने वाला है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के ऊपरी इलाकों में हल्की बारिश और हिमपात होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश में भी 14 दिसंबर को छिटपुट बारिश और बर्फबारी होने की आशंका है। वहीं, उत्तराखंड में केवल हल्की और छिटपुट मौसमी गतिविधि होने की संभावना है। 21 दिसंबर से उत्तरी मैदानी इलाकों और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलेंगी। इससे न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट आएगी।
