अगले 10 दिनों का मौसम (Weather Prediction For Next 10 Days): देशभर के विभिन्न राज्यों में मौसम के अलग-अलग रंग दिखाई दे रहे हैं। आगामी दिनों में कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक मौसमी गतिविधियां होने के संकेत मिल रहे हैं। सर्दी के लिहाज से दिसंबर महीना बेहद खास रहेगा, जिसमें न्यूनतम तापमान अपने सबसे निचले स्तर की ओर लुढ़केगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 13, 14, 15, 16, 17 और 18 दिसंबर को पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) एक्टिव रहेगा, जो हल्की हवाओं के साथ बारिश और बर्फबारी करेगा। इस दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में पारा माइनस से भी नीचे दर्ज किया जाएगा। उत्तर भारत में 18 और 19 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई देगा, जिसके प्रभाव से हरियाणा, पंजाब, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, उत्तर-प्रदेश और बिहार में आसमान पर बादलों की आवाजाही रहेगी और लंबे समय बाद बारिश दर्ज की जाएगी। उधर, पूर्वोत्तर के राज्यों में घना कोहरा छाएगा और सर्दी का ग्राफ बढ़ेगा। खासकर, दक्षिण भारतीय राज्यों में उत्तर-पूर्व मानसून (North East Mansoon) के वीक होने से कहीं-हल्के तो कहीं घने बादल छाए नजर आएंगे और तमिलनाडु, केरल, अंडमान व लक्ष्यद्वीप में हल्की बारिश का अनुमान है।
यूपी में अगले 10 दिन कैसा रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश में 18 से 19 दिसंबर तक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का प्रभाव दिखाई पड़ सकता है। आईएमडी का अनुमान है नए वेदर सिस्टम के असर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंशिक तौर पर बादल छाएंगे और हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। हालांकि, कोई बड़े मौसमी गतिविधि को लेकर अलर्ट नहीं है, लेकिन बारिश दस्तक दे सकती है। राज्यभर में अगले 10 दिन में मौसम काफी बदला नजर आएगा। खासकर ग्रामीण इलाकों में पाला गिरने की स्थिति बनती जा रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिन में सर्द हवाएं (शीतलहर) की मौजूदगी से न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और तराई इलाकों में घना कोहरा छाया नजर आएगा।
10 दिन बिहार का मौसम
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 15 दिसंबर के बाद बिहार में शीतलहर चलने की संभावना है, जिससे रात्रि के तापमान में बड़ी गिरावट दिखाई देगी और सुबह घना कोहरा छाया नजर आएगा। खासकर, पटना, मधुबनी, खगड़िया, भागलपुर, किशनगंज, औरंगाबाद, दरभंगा, सुपौल, अररिया, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी और जमुई समेत अन्य जिलों में कोहरे के स्तर में बढ़ोतरी आएगी और दिन में सर्द हवाएं चलेंगी, जिससे धूप बेअसर साबित होगी। कई इलाकों में सुबह पाला गिरने की संभावना जो गलन पैदा करेगा। 20 दिसंबर तक न्यूनतम तापमान 6 से 10 के बीच और अधिकतम तापमान 22 से 25 के बीच बना रह सकता है। इस दरम्यान बीच-बीच में हल्की बदली के आसार हैं।

10 दिन सर्दी का मौसम (फोटो-Istcok)
दिल्ली में अगले 10 दिन के मौसम का हाल
दिल्ली में अगले सप्ताह से मौसम बदल सकता है। पहाड़ों पर सक्रिय होने वाले वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से दिल्ली समेत पूरे एनसीआर क्षेत्र में आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे और बारिश दर्ज की जा सकती है। बारिश की बूंदों से पॉल्यूशन पर असर पड़ेगा, जिससे एक्यूआई में मामूली सुधार हो सकता है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 10 दिन तक दिल्ली के तापमान में उतार चढ़ाव जारी रहेगा। इस दौरान अधिकांश हिस्सों में हल्की हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। हालांकि, अधिकतम तापमान 22 से 25 डिग्री रह सकता है। फिलहाल, कोल्ड वेव लागू होने की संभावना नहीं है, लेकिन दिसंबर के आखिरी तक ऐसी स्थितियां बन सकती है। अब सुबह कोहरे की धुंध छाई नजर आएगी। रही बात प्रदूषण की स्थिति में ज्यादा सुधार की गुंजाइश नहीं है। एक्यआई 300 के आसपास या उससे भी ज्यादा रह सकती है।पंजाब में 10 दिनों का मौसम
पहाड़ों पर बिगड़ते मौसम का सीधा असर पंजाब पर पड़ेगा। चूंकि हिमालयी हवाएं सबसे पहले पंजाब में ही एंट्री करती हैं। लिहाजा, अगले 2 महीने सर्दी के लिहाज से काफी भारी रहेंगे। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 10 दिन में शीतलहर और कोहरे में बड़ा इजाफा होगा एवं न्यूनतम और अधिकतम तापमान निचले स्तर की ओर बढ़ेगा। 11 से लेकर 20 दिसंबर तक शीत लहर का प्रकोप जारी रहेगा और कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बने रहने की संभावना है। राज्य का फरीदकोट सबसे ठंडा स्थान रह सकता है, जबकि अमृतसर में न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री, लुधियाना में 3 से 4 डिग्री , पटियाला में 5 डिग्री, पठानकोट में 5 डिग्री, बठिंडा में 4 से 5 डिग्री और गुरदासपुर में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तापमान रह सकता है, जिससे कड़ाके की सर्दी का एहसास होगा।
हरियाणा में अगले 10 दिन का मौसम
हरियाणा में भी मौसम का मिजाज कड़ा होगा। जैसे-जैसे दिसंबर का महीना बढ़ेगा, वैसे-वैसे न्यूनतम तापमान गिरेगा। खासकर, 15 दिसंबर के बाद पहाड़ों पर कमजोर होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण थोड़ा तापपाम बढ़ेगा, लेकिन आसमान साफ होते ही सर्द हवाओं के झोंके परेशान करेंगे। खासकर, सुबह और शाम के वक्त कोहरे की परत छाई नजर आएगी, जिसका सीधा प्रभाव सड़क, रेल और हवाई यातायात पर पड़ेगा। अगले 10 दिन में हल्के पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक असर से बदली छा सकती है, लेकिन बारिश को लेकर कोई अलर्ट नहीं है। अगर तापमान की बात करें तो अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहेगा। 20 दिसंबर तक हिसार में 3 से 5 डिग्री, करनाल में 4 से 5, अंबाला 4 से 6 डिग्री , नारनौल में 3 से 5डिग्री , रोहतक 4 से 6 डिग्री, सिरसा 4 से 6 और भिवानी में भी 4 से 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जिससे सुबह गलन वाली सर्दी पड़ेगी और कोहरा मुश्किलें खड़ी करेगा।
10 दिन सर्दी का मौसम (फोटो-Istock)
राजस्थान में अगले 10 दिन मौसम
राजस्थान में अगले 10 दिन मौसम काफी उतार-चढ़ाव के साथ गुजरेगा। आईएमडी के मुताबिक, राज्य के विभिन्न हिस्सों में शीतलहरी और सर्दी का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि मध्य दिसंबर में हल्के बादल छाए नजर आ सकते हैं और कई इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम साफ होने के बाद सर्दी रफ्तार पकड़ेगी और बॉर्डर एरिया के जिलों में न्यूमतम तापमान शून्य तक जा सकता है। अगले 5 दिन तक जयपुर में 7 डिग्री, फतेहपुर में 3 डिग्री, नागौर में 4 डिग्री, सिरोही में 5.5 डिग्री, पाली में 5 डिग्री,लूणकरणसर में 4 डिग्री, दौसा में 5 डिग्री, जालोर में 5 डिग्री, करौली में 5 डिग्री और झुंझुनू में 4 डिग्री सेल्सियस के आसपास तापमान रह सकता है। आगामी सप्ताह एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से अगले दो-तीन दिन आंशिक रूप से बादल छाये रह सकते हैं। राज्य के अधिकतर भागों में न्यूनतम तापमान सामान्य रहेगा और शीतलहर की मौजूदगी रहेगी। फिर एक और नया पश्चिमी विक्षोभ 18 से 20 दिसंबर के आसपास सक्रिय हो सकता है।
एमपी 10 दिन का मौसम
मध्य प्रदेश शीतलहर की गिरफ्त में है। अगले 10 दिन तक राज्य में सर्दी बरकरार रहेगी। राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने का अनुमान है। उत्तर-पश्चिम की ओर से आ रहीं हवाओं के कारण तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है। कुछ जिलों में शीतलहर चलने का येलो अलर्ट जारी रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, इंदौर में कोल्ड वेव जैसे हालात बन गए हैं, जबकि राजधानी भोपाल, राजगढ़, रायसेन, विदिशा, शाजापुर, सीहोर और शहडोल समेत कई जिलों में शीतलहर मौसम को सर्द बनाएगी। हालांकि, तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। कमोबेश ऐसी ही सर्दी झारखंड और छत्तीसगढ़ में बनी रहेगी।

10 दिन कोहरे का मौसम
हिमाचल प्रदेश में 11-20 दिसंबर तक मौसम
हिमाचल प्रदेश में 14 और 15 दिसंबर से मौसम करवट लेगा। खासकर, ऊंचाई वाले स्थानों पर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के दस्तक देने से बादल छाएंगे और छिटपुट बूंदाबांदी के साथ बर्फबारी जोर पकड़ेगी। चंबा, लाहौल स्पीति, ताबो, कांगड़ा में बर्फबारी की संभावना है। लेकिन 18 दिसंबर से शिमला, मनाली, कुल्लू और मसूरी समेत अन्य मैदानी इलाकों में भी बारिश को लेकर पूर्वानुमान है। कुल मिलाकर अगले 10 दिन तक 2 बार नया वेदर सिस्टम गुजरेगा, जिससे 2 बार मौसमी गतिविधियां हो सकती हैं। अधिकांश इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीच रहने का अनुमान है, लेकिन कोल्ड वेव की संभावना कम है। कई इलाकों में माइनस तापमान रहने से पानी जमने की चेतावनी है।
उत्तराखंड में कैसा रहेगा 10 दिन मौसम
उत्तराखंड में 15 और 16 दिसंबर को ऊंचाई वाले स्थानों पर मौसमी गतिविधियां हो सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले सप्ताह नए डिस्टर्बेंस के असर से रूद्र प्रयाग, उत्तरकाशी, चमोली में बर्फबारी के साथ बारिश हो सकती है, लेकिन मैदानी इलाकों नैनीताल, हरिद्वार, ऋषिकेश और हल्दानी इलाकों में मौसम साफ रहेगा, लेकिन सर्द हवाएं बहने से मौसम काफी सर्द रहेगा। आईएमडी के मुताबिक, दिन में धूप निकलेगी, लेकिन शीतलहर के चलने से गलन वाली सर्दी महसूस की जाएगी और पहाड़ियों पर घना कोहरा छाया नजर आएगा।

10 दिन बर्फबारी-बारिश का मौसम
जम्मू-कश्मीर में अगले 10 दिन का मौसम
जम्मू-कश्मीर में 13 से 16 दिसंबर से एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के दस्तक देने की संभावना बन रही है। अगले सप्ताह फिर से हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। खासकर, ऊंचाई वाले स्थानों पर मौसम खराब हो सकता है। खासकर, कुपवाड़ा, कोकेरनाग, पहलगाम, श्रीनगर, काजीगुंड, गुलमर्ग और बारामूला में बर्फबारी से न्यूनतम तापमान शून्य या माइनस के आसपास बना रह सकता है। आईएमडी का अनुमान है कि 20 दिसंबर को तेजी के साथ तापमान गिरेगा और अधिकांश हिस्सों पर कोल्ड वेव जारी की जा सकती है। आने वाले दिनों में घाटी के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम स्तर की धुंध छाई रहने का अनुमान है।
चिलाई कलां क्या है?
पहाड़ी राज्यों पर दिसंबर माह में दो नए पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में तब्दीली देखी जा रही है। लगातार तापमान में गिरावट हो रही है। राज्य में करीब ढेड़ महीने तक चिलाई कलां रहता है। कश्मीर में 21 दिसंबर से शुरू होकर 30 जनवरी तक चलने वाली 40 दिनों की सर्दी की भीषण अवधि को 'चिलाई कलां' कहा जाता है। इस दौरान, स्थानीय लोग ढीले ऊनी वस्त्र पहनते हैं, जिन्हें 'फेरन' कहा जाता है। डॉक्टरों ने लोगों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को आगाह किया है कि वे लंबे समय तक ठंड के संपर्क में रहने से बचें, क्योंकि इससे हार्ट अटैक की समस्या हो सकती है।
कब जारी होता है कोल्ड डे?
उत्तर भारत के राज्यों में पहाड़ों की ओर से आ रहीं बर्फीली हवाओं के कारण कोल्ड डे की स्थिति बनने की संभावना है। हालांकि, कोल्ड वेव लागू करने के कुछ मानक निर्धारित हैं। लिहाजा, लोग जानना चाहते हैं कि Cold Day क्या होता है और कब लागू होता? दरअसल, मौसम विभाग के मुताबिक, कोल्ड डे तब माना जाता है, जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रहे और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियत कम दर्ज किया जाए। उन दिनों को कोल्ड डे में काउंट किया जाता है। इस दौरान दिन और रात के तापमान में अधिक अंतर नहीं होता है, लिहाजा सिहरन वाली सर्दी से राहत की उम्मीद कम रहती है। पहाड़ी राज्यों में हो सकता है कि 15 दिसंबर तक इसे जारी कर दिया जाए।
दक्षिण भारत में कैसा रहेगा मौसम
दक्षिण भारत में तटीय इलाकों में अगले 10 दिन मौसम करवट ले सकता है। खासकर, तेलंगाना में रात्रि में काफी सर्द मौसम रहेगा, लेकिन बारिश को लेकर कोई बड़ी चेतावनी नहीं है। कमोबेश ऐसा ही मौसम कर्नाटक में मौसम साफ रहेगा। हालांकि, तमिलनाडु के आंतरिक हिस्सों में बारिश की गतिविधियां हो सकती हैं। मौसम विभाग ने 13 दिसंबर को अंडमान निकोबार एवं द्वीप समूह में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। लेकिन, केरल में अब बारिश को लेकर कोई संभावना नहीं है।
