कल का मौसम कैसा रहेगा : देशभर के अधिकांश राज्यों को मॉनसूनी बारिश ने गर्मी से राहत दी है। धीरे-धीरे इसकी गति में इजाफा हो रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अब उत्तर भारत में मॉनसूनी गतिविधियां थोड़ी धीमी होंगी, लेकिन अब लू जैसी स्थितियों से सामना नहीं करना पड़ेगा। हालांकि, गर्मी और उमस का स्तर बढ़ेगा। खासकर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और बिहार के अधिकांश हिस्सों पर बादलों की आवाजाही रहेगी और हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है। इधर लेह, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तेज अंधड़ के साथ भारी बारिश और ओलावृष्टि का खतरा जताया गया है। स्काईमेट ने दक्षिण भारत के राज्यों में भारी मॉनसूनी वर्षा का अलर्ट जारी रखा है। जबकि महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा में ये पानी बरसने की संभावनाएं प्रबल हैं। उधर, पूर्वोत्तर के राज्यों में अत्यधिक बारिश का अनुमान व्यक्त किया गया है। आईएम़ी ने ज्यादातर राज्यों में नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी से बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
कल का मौसम
दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने दक्षिण भारत में मॉनसून की सक्रियता से बारिश का ग्राफ बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 48 घंटे के दौरान केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और लक्ष्यद्वीप में तेज तूफानी हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान पेड़ों के उखड़ने और नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी का खतरा बढ़ जाएगा। लिहाजा लोगों को समुद्री इलाकों के साथ तटीय भागों पर सावधान रहने की जरूरत है। हालांकि, मौसमी गतिविधियों के कारण तापमान में बड़ी कमी आने की संभावना है। उधर, पश्चिमी घाट के साथ महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा के अधिकांश हिस्सों पर बारिश का अलर्ट घोषित है। उधर, पूर्वोत्तर के राज्यों में असम, अरुणाचल, सिक्किम, त्रिपुरा, नागालैंड, मेघालय. सिक्किन, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में बारिश का अनुमान है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने का खतरा और नदियों में बाढ़ की समस्या उत्पन्न होगी।
दिल्ली में थमी बारिश
दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार सुबह भी घने बादल छाए रहे, लेकिन बारिश की गतिविधियां नहीं हुईं। हालांकि, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार के लिए भी गरज-चमक और बारिश का ’येलो’ अलर्ट जारी किया था। आईएमडी के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में कई डिग्री सेल्सियस की कमी देखी गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली। वहीं, सीपीसीबी ने पॉल्यूशन के लेवल पर बड़ी गिरावट की बात कही। यहां एक्यूआई 50 पहुंच गया, जिससे लोगों ने शुद्ध हवा में सांस ली। कमोबेश यही हालात पूरे एनसीआर में नोएडा, गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में देखे जा रहे हैं।
मुंबई में बारिश का अलर्ट
महाराष्ट्र में मॉनसूनी बारिश ने गर्मी से बड़ी राहत दी है, लेकिन जलभराव और बाढ़ की घटनाओं ने बड़ा नुकसान पहुंचाया है। मौसम विभाग की मानें तो अगले कई दिनों तक तेज मॉनसूनी गतिविधियां जारी रहने के अनुमान हैं। खासकर, मुंबई में कई दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने और भारी बारिश की संभावना है। हालांकि, शुक्रवार को हल्की धूप भी निकली। इस महीने के पहले सप्ताह में मुंबई और आसपास के इलाकों में हुई मूसलाधार बारिश के कारण भूस्खलन, पेड़ गिरने और जलभराव की घटनाएं हुई थीं। इससे उपनगरीय रेल सेवाएं, बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) उपक्रम की बस सेवाएं और हवाई अड्डे पर उड़ानों का संचालन भी प्रभावित हुआ था।
पश्चिम बंगाल में भारी बारिश
पश्चिम बंगाल के बड़े हिस्से में मॉनसून की मूसलाधार बारिश रिकॉर्ड की जा रही है। राज्य के उत्तरी हिस्से में स्थित कूचबिहार में शुक्रवार सुबह तक बीते 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक 143 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। आईएमडी ने अनुमान जताया है कि कोलकाता में अगले कुछ दिनों तक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
हिमाचल प्रदेश में कैसा है मौसम
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित है। सिरमौर और सोलन जिलों में शुक्रवार को सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों और आंगनवाड़ी केंद्रों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है और भूस्खलन, अचानक बाढ़, पेड़ों के उखड़ने और सड़कों के अवरुद्ध होने जैसी घटनाओं को लेकर चेतावनी दी है। मौसम विभाग ने राज्य के पहाड़ी और मैदानी भागों तक भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। खराब मौसम के दौरान लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है।
