Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा) 06 अक्टूबर 2025 : देशभर में इस समय दो शक्तिशाली मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं, एक बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र और दूसरा उत्तर-पश्चिम अरब सागर में बना चक्रवाती तूफान ‘शक्ति’। इन दोनों सिस्टम के साथ पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) का प्रभाव भी जुड़ गया है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, आने वाले 24 घंटों में यानी 6 अक्टूबर को देश के कई हिस्सों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में गरज-चमक के साथ तेज बारिश दर्ज की जा सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण तेज हवाएं 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं और आंधी-तूफान की आशंका बनी रहेगी।
तापमान में आएगी गिरावट, आंधी-तूफान से बढ़ेगी ठंडक
8 अक्टूबर से उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। आंधी और बारिश के चलते दिन के तापमान में भी कमी आएगी। पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी से ठंड बढ़ने के संकेत हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह बदलाव मानसून के अंतिम चरण के साथ सर्दियों की शुरुआती दस्तक की ओर इशारा करता है।
‘शक्ति’ चक्रवात का असर बरकरार
वर्तमान में चक्रवाती तूफान ‘शक्ति’ उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्व अरब सागर के ऊपर सक्रिय है। इसके प्रभाव से गुजरात और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में 7 से 9 अक्टूबर तक तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का पूर्वानुमान है। सौराष्ट्र, कच्छ और कोंकण-गोवा क्षेत्रों में 8 और 9 अक्टूबर को मध्यम से भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है क्योंकि समुद्री लहरों और तेज हवाओं की वजह से तटीय इलाकों में स्थिति मुश्किल भरी हो सकती है।
पूर्वी भारत में भी झमाझम होगी बारिश
बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र फिलहाल झारखंड, दक्षिण बिहार और दक्षिण-पूर्वी यूपी के ऊपर सक्रिय है। अगले 48 घंटों के दौरान ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। बिहार और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में कई जगहों पर भारी वर्षा हो सकती है, साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।उत्तर- पश्चिम भारत में दिखेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर
नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर पूरे उत्तर- पश्चिम भारत पर दिखाई देगा। मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम भारत में 6 और 7 अक्टूबर के दौरान तेज तूफान और भारी बारिश की आशंका जताई है। उत्तराखंड में इन दो दिनों के लिए विशेष चेतावनी जारी की गई है, जबकि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, दिल्ली-एनसीआर और आसपास के इलाकों में 6 अक्टूबर को अत्यधिक वर्षा की संभावना है। वहीं, कोंकण, गोवा, सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्रों में 8 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ-साथ कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है। गुजरात के कई हिस्सों में 8 और 9 अक्टूबर को इसी तरह की मौसमीय गतिविधियां बनी रहने की उम्मीद है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव के चलते कल यानी 6 अक्टूबर को समूचे उत्तर-पश्चिम भारत में ऑरेंज अलर्ट घोषित है। इसके साथ ही जम्मू कश्मीर और उत्तराखंड को छोड़कर सभी राज्यों में ओलावृष्टि की संभावना भी है। इसका असर पश्चिमी यूपी के अलावा पूर्वी भारत में भी दिखेगा। कल बिहार और सब हिमालयन में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
यूपी में कल का मौसम
कल पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, बलिया, मऊ, वाराणसी और आसापास के जिलों में हुई मूसलाधार बारिश के बाद 6 अक्टूबर यानी कल पश्चिमी यूपी में बारिश की संभावना नजर आ रही है।कल उत्तर प्रदेश के समूचे पश्चिमी संभाग में बारिश में भारी बारिश की संभावना के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक सहारनपुर, शामली, बागपत, नोएडा, मथुरा समेत झांसी, महोबा, बांदा, चित्रकूट में तड़क-गरज के साथ भारी बारिश आ सकती है। कानपुर, कन्नौज, हरदोई, बरेली के इलाकों में भी स्थिति जस की तस रहने वाली है।
बिहार में कल का मौसम
बिहार को लेकर मौसम विभाग ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक अधिकांश जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ठनका गिरने की चेतावनी जारी की है। IMD ने आज यानी 5 अक्टूबर के लिए पटना, गयाजी, जमुई, जहानाबाद, शेखपुरा, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, समेत पूरे पश्चिमी बिहार में बारिश की संभावना जताई थी। अब नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से कल पूर्वी बिहार में भी बारिश-आंधी और ठनका गिरने की स्थिती बनती दिखाई दे रही है। मौसम विभाग ने 6 अक्टूबर के लिए पूर्वी बिहार में बारिश-ठनका की संभावनाओं के चलते सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया, सहरसा और मधेपुरा जिले में येलो अलर्ट जारी किया है।
झारखंड में कैसा रहेगा कल का मौसम
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने झारखंड के लिए 6 अक्टूबर को भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। पूरे दक्षिणी इलाके में बारिश और बिजली गिरने की संभावना के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही गोड्डा, साहिबगंज, दुमका और पाकुड़ जिलों में अत्यधिक वर्षा की संभावना जताई गई है। अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के कई क्षेत्रों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
कल हिमाचल प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम
हिमाचल प्रदेश के रोहतांग दर्रे और धौलाधार पर्वतमाला समेत ऊंचाई वाले इलाकों में रविवार सुबह ताजा बर्फबारी हुई, जिससे पूरे प्रदेश में न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। ताबो 3.1 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा, इसके बाद केलांग 3.6 डिग्री, कल्पा और कुकुमसेरी 6.2 डिग्री, जबकि कुफरी और नारकंडा 10-10 डिग्री सेल्सियस पर रहे। मौसम विभाग ने कल के लिए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सिरमौर और लाहौल-स्पीति जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में ओलावृष्टि, भारी से अत्यधिक बारिश, गरज के साथ छींटे, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है।
दक्षिण भारत में कल मौसम का हाल
तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल और कर्नाटक में इस दौरान मौसम सुहावना बना रहेगा। यहां छिटपुट बारिश के साथ दिन के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। नमी भरी हवाओं और हल्की ठंडक के चलते दक्षिण भारत के कई शहरों में मौसम सुहावना रहेगा।
