अगले 48 घंटे आंधी-बारिश का पूर्वानुमान, 20 राज्यों में ओले-वज्रपात; गर्मी-लू रहेगी शांत

उत्तर भारत में अगले 2 दिन तक पश्चिमी विक्षोभ के असर से तेज धूल भरी आंधी, मेघ गर्जन के साथ झमाझम बारिश की संभावना है। मौसमी गतिविधियों के कारण तापमान में बड़ी गिरावट से गर्मी और लू से काफी राहत रहेगी। पहाड़ों पर भी बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि से वातावरण खुशनुमा और सर्द हो गया है। मौसम विभाग ने बुधवार-गुरुवार को दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के अधिकांश राज्यों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से तूफान आने और भारी से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आइये जानते हैं विभिन्न राज्यों में मौसम कैसा रहेगा?

आईएमडी ने देश के अधिकांश राज्यों में मौसम में परिवर्तन के संकेत दिए हैं। अगले कई दिनों तक भीषण गर्मी और लू की गतिविधियां शांत रहने का अनुमान जताया गया है। इसका कारण है कि कश्मीर से लेकर आखिरी छोर कन्याकुमारी तक अलग-अलग मौसमी तंत्र की सक्रियता। मौसम विभाग ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों पर दस्तक दे चुका है, जिसके प्रभाव से अगले 48 घंटे तक जम्मू-कश्मीर, लेह, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पर्वतीय हिस्सों पर तेज हवाएं, गरज-चमक के साथ बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि का खतरा बना रहेगा। 5 और 6 मई को दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश के अधिकांश जिलों में बादलों की आवाजाही रहेगी और तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश से मौसम सुहावना रहेगा। इस दौरान आकाशीय बिजली और ओले गिरने की चेतावनी है। हालांकि, तापमान में करीब पांच से छह डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी, जिससे तपिश से राहत रहेगी। स्काईमेट ने समूचे पूर्वोत्तर भारत में चक्रवाती परिसंचरण और प्री मानसूनी गतिविधियां जारी रहेंगी। कमोबेश दक्षिण भारत के तटीय हिस्सों केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में तूफान आने और मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी रखा गया है, जबकि महाराष्ट्र और गुजरात में मौसम का आंशिक असर ही रहेगा।

अगले 48 घंटे आंधी-बारिश का पूर्वानुमान, 20 राज्यों में ओले-वज्रपात; गर्मी-लू रहेगी शांत

यूपी में आंधी-बारिश होगी क्या

उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान तेज आंधी और बारिश से मौसम पूरी तरह से बदल गया है। कई जिलों में तेज पानी गिरने से तापमान में कई डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। खासकर, लू से झुलस रहे बुंदेलखंड में करीब 8 से 9 डिग्री पारा गिरा है, जिससे लोग राहत महसूस कर रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले 2 दिन यानी बुधवार और गुरुवार को लेकर बड़ा पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान राजधानी लखनऊ समेत उन्नाव, सीतापुर, खीरी, हरदोई, अमेठी, गाजीपुर, गोरखपुर, रायबरेली, प्रतापगढ़, फतेहपुर, कानपुर, कानपुर देहात, बाराबंकी, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, नोएडा, गाजियाबाद और पश्चिमी यूपी के साथ करीब 40 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि होने का खतरा जताया गया है। लिहाजा, खराब मौसम के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

End of Feed