Jharkhand Municipal Election Result 2026: झारखंड के 48 शहरी निकाय चुनावों में से 47 के परिणाम अब तक घोषित हो चुके हैं और तस्वीर काफी हद तक स्पष्ट हो गई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने 13 नगर निकायों में जीत हासिल की है, जबकि झामुमो के समर्थित उम्मीदवार 11 नगर निकायों में विजयी रहे हैं। कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार तीन स्थानों पर जीत दर्ज कर सके हैं, और निर्दलीय प्रत्याशियों ने सबसे अधिक 18 निकायों पर कब्जा किया है। इसके अलावा, एक सीट सीपीआई(एमएल) समर्थित उम्मीदवार को मिली है। नौ नगर निगमों में से आठ में मेयर पद के परिणाम सामने आ चुके हैं। रांची नगर निगम में भाजपा समर्थित रोशनी खलखो ने कांग्रेस की रमा खलखो को हराया। मेदिनीनगर में भी भाजपा की अरुणा शंकर ने कांग्रेस की नम्रता त्रिपाठी को पराजित किया।
झारखंड शहरी निकाय चुनाव परिणाम (सांकेतिक फोटो - PTI)
अंतिम परिणाम की घोषणा का इंतजार
हजारीबाग में स्वतंत्र उम्मीदवार अरविंद राणा ने जीत हासिल की। देवघर में झामुमो के समर्थित रवि राउत विजयी रहे, वहीं गिरिडीह में झामुमो समर्थित प्रमिला मेहरा ने सफलता पाई। आदित्यपुर में भाजपा समर्थित संजय सरदार ने जीत दर्ज की, जबकि मानगो नगर निगम में कांग्रेस की सुधा गुप्ता विजयी रहीं। धनबाद नगर निगम में स्वतंत्र उम्मीदवार संजीव सिंह झामुमो समर्थित चंद्रशेखर अग्रवाल से आगे हैं और अंतिम परिणाम की घोषणा का इंतजार किया जा रहा है।
निर्दलीय उम्मीदवारों ने की जीत हासिल
इसके अलावा, 39 छोटे शहरी निकायों, नगर पंचायतों और नगर परिषदों के भी परिणाम सामने आ चुके हैं। इनमे 17 स्थानों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की, 10 पर भाजपा समर्थित, 9 पर झामुमो समर्थित, 2 पर कांग्रेस समर्थित और 1 पर सीपीआई(एमएल) समर्थित उम्मीदवार विजयी रहे। नगर पंचायत अध्यक्ष पदों की बात करें तो हुसैनाबाद से अजय भारती, हरिहरगंज से कुमारी शीला चौधरी, छत्तरपुर से अरविंद गुप्ता, श्री बंशीधरनगर से साधना देवी, मझिआंव से सुमित्रा देवी, कोडरमा से साजिद हुसैन लल्लू, बासुकीनाथ से वीणा देवी और जामताड़ा से आशा गुप्ता निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल करने में सफल रहे।
भाजपा के समर्थित विजेताओं में ये हैं शामिल
भाजपा के समर्थित विजेताओं में लातेहार से महेश सिंह, डोमचांच से उमेश वर्मा, बड़कीसरैया से शोभा देवी, महागामा से प्रबोध सोरेन, बरहरवा से अर्पिता दास और खूंटी से रानी टुटी शामिल हैं। झामुमो के समर्थित उम्मीदवारों में राजमहल से केताबुद्दीन, बुंडू से जितेंद्र उरांव, सरायकेला से मनोज कुमार चौधरी और चाकुलिया से सोमवारी सोरेन ने जीत दर्ज की। वहीं धनवार से विनय कुमार सांथालिया सीपीआई(एमएल) समर्थित उम्मीदवार के रूप में विजयी हुए।
नगर परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव ऐसा रहा मंजर
नगर परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव में गढ़वा से आशीष सोनी, विश्रामपुर से गीता देवी, चतरा से अताउर रहमान, झुमरीतिलैया से रमेश हर्षधर, गोड्डा से सुशील रमानी, पाकुड़ से शबरी पाल, चिरकुंडा से सुनीता देवी, सिमडेगा से ओलिवर लकड़ा और कपाली से परवेज आलम ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल की। भाजपा समर्थित विजेताओं में मधुपुर से मीति कुमारी, मिहिजाम से जयश्री देवी, लोहरदगा से अनिल उरांव और गुमला से शकुंतला उरांव शामिल हैं।
व्यक्तिगत छवि और जमीनी सक्रियता को अधिक महत्व
झामुमो के समर्थित उम्मीदवारों में साहिबगंज से रामनाथ पासवान, दुमका से अभिषेक चौरसिया, चक्रधरपुर से शनि उरांव, चाईबासा से नितिन प्रकाश और जुगसलाई से नौशान खान विजयी रहे। कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों में फुसरो से निर्मला देवी और रामगढ़ से कुसुमलता कुमारी ने जीत हासिल की। घोषित परिणामों से यह स्पष्ट होता है कि राज्य के शहरी निकायों में इस बार मुकाबला काफी विविध रहा और मतदाताओं ने स्थानीय मुद्दों, उम्मीदवारों की व्यक्तिगत छवि और जमीनी सक्रियता को अधिक महत्व दिया।
(इनपुट - आईएएनएस)
