शहर

धमकियों के साए में बुझी एक जिंदगी... नोएडा में 19 वर्षीय युवती ने की खुदकुशी; एक आरोपी गिरफ्तार

नोएडा में 19 वर्षीय युवती ने कथित ब्लैकमेलिंग और वीडियो-फोटो वायरल करने की धमकियों से परेशान होकर सुसाइड कर ली। परिजनों ने तीन लोगों पर मानसिक उत्पीड़न और रुपये ऐंठने की कोशिश का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अन्य की तलाश जारी है।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

Noida News: नोएडा के फेज-3 थाना क्षेत्र में मनचलों द्वारा लगातार ब्लैकमेलिंग और वीडियो-फोटो वायरल करने की धमकी से तंग आकर 19 वर्षीय युवती ने आत्महत्या कर ली। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मच गया। पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

नोएडा के फेज-3 थाना क्षेत्र में मनचलों द्वारा ब्लैकमेलिंग और वीडियो-फोटो वायरल करने की धमकी से परेशान 19 वर्षीय युवती ने आत्महत्या कर ली।मृतका की बड़ी बहन अंकिता ने थाना फेज-3 में दी गई तहरीर में बताया कि उसकी छोटी बहन को पिछले कुछ दिनों से ग्यासी राजपूत, प्रीति सैनी और विपिन यादव लगातार परेशान कर रहे थे। आरोप है कि ये लोग युवती को आपत्तिजनक वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहे थे।

परिवार का आरोप- रुपये ऐंठने के लिए बनाया दबाव

परिजनों का कहना है कि आरोपियों ने व्हाट्सऐप चैट और वीडियो के माध्यम से युवती पर मानसिक दबाव बनाया और उससे रुपये ऐंठने की भी कोशिश की। युवती को अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कर डराया-धमकाया जाता था। जब परिवार ने विरोध किया और कानूनी कार्रवाई की बात कही, तो आरोपियों ने गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक प्रताड़ना के कारण युवती तनाव में रहने लगी थी। परिजनों का आरोप है कि इसी मानसिक उत्पीड़न से आहत होकर 21 फरवरी को उसने खुदकुशी कर ली।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

परिवार ने आरोपियों द्वारा भेजे गए वीडियो और व्हाट्सऐप चैट के स्क्रीनशॉट पुलिस को साक्ष्य के रूप में सौंपे हैं। पुलिस ने बहन की शिकायत के आधार पर एक युवती समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जांच अधिकारी को मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। डिजिटल साक्ष्यों की भी फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article