Amritsar News: पंजाब पुलिस द्वारा नशे और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने सीमा पार से मादक पदार्थ और गैरकानूनी हथियारों की तस्करी करने वाले दो संगठित गिरोहों का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई के दौरान 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों के कब्जे से 5.438 किलोग्राम हेरोइन, तीन आधुनिक पिस्तौल (एक ग्लॉक 9एमएम, एक जिगाना 9एमएम और एक .32 बोर), 34 जिंदा कारतूस और 4,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में थे। वहां से हेरोइन और अवैध हथियार भारत भेजे जाते थे, जिन्हें यहां एक सुनियोजित नेटवर्क के जरिए विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई किया जाता था।
जांच में और क्या आया सामने?
जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह बेहद संगठित तरीके से काम कर रहा था और इसमें कई लोग शामिल थे। इस कार्रवाई के दौरान कई एफआईआर दर्ज की गई हैं और आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने और इससे जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए जांच आगे भी जारी रहेगी, ताकि गिरोह पर पूरी तरह शिकंजा कसा जा सके।
युद्ध नशे के विरुद्ध का अभियान
गौरतलब है कि पंजाब पुलिस नशे के खिलाफ ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ नाम से विशेष अभियान चला रही है। इस अभियान के तहत ड्रग तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पंजाब की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने हाल के दिनों में 103 तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 4 किलोग्राम हेरोइन, 2,715 नशीली गोलियां और कैप्सूल तथा 3,700 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। इसके अलावा 31 व्यक्तियों को नशा छोड़ने और पुनर्वास कार्यक्रम से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
अपराधों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई
पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों और अवैध हथियारों के मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते तस्करी और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।
(इनपुट - आईएएनएस)
