शहर

Jharkhand: चतरा के जंगलों में क्रैश हुए एयर एंबुलेंस में कौन-कौन था सवार? सभी 7 मृतकों की हुई पहचान; कैसे हुआ हादसा?

सोमवार की रात झारखंड के चतरा में रांची से दिल्ली जा रहा एयर एंबुलेंस क्रैश हो गया। इस हादसे में मरीज, डॉक्टर और दो पायलटों समेत सभी 7 लोगों की मौत हो गई। सभी मृतकों की सूची जारी कर दी गई है। खराब मौसम और भारी बारिश के बीच विमान का एटीसी से संपर्क टूट गया था।

Image

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त हालत में विमान

Photo : Times Now Digital

Jharkhand Plane Crash: झारखंड के चतरा जिले सोमवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। शाम रांची से दिल्ली जा रहा एक एयर एंबुलेंस चतरा के सिमरिया प्रखंड स्थित करमाटांड़ के घने जंगलों में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में विमान में सवार मरीज, उनकी पत्नी, डॉक्टर और दो पायलटों समेत सभी सात लोगों की मौत हो गई। खराब मौसम और दुर्गम पहाड़ी इलाका होने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

उड़ान भरने के 23 मिनट बाद टूटा संपर्क

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, रेडबर्ड एयरवेज (Redbird Airways) का बीचक्राफ्ट C90 एयरक्राफ्ट (VT-AJV) शाम 7:11 बजे रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। उड़ान भरने के करीब 23 मिनट बाद, शाम 7:34 बजे विमान का कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क टूट गया। रडार से गायब होने के समय विमान वाराणसी से लगभग 100 नॉटिकल मील दक्षिण-पूर्व में था।

मूसलाधार बारिश और जंगल में मची तबाही

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय सिमरिया इलाके में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हो रही थी और बिजली कड़क रही थी। अचानक जंगल के बीच एक तेज धमाका सुनाई दिया। घने अंधेरे और ऊबड़-खाबड़ इलाके की वजह से प्रशासन की टीम को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई। चतरा की डीसी कीर्ति श्री जी और एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने भारी सुरक्षा बल के साथ मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन का नेतृत्व किया।

देखिए हादसे की जगह का ताजा मंजर-

jharkhand plane crash death list.

जहाज में सवार लोगों की सूची

मृतकों की हुई पहचान

विमान में सवार मरीज संजय कुमार (41 वर्ष), लातेहार के चंदवा के रहने वाले थे। एक हादसे में 55% जलने के कारण रांची के देवकमल अस्पताल में भर्ती थे और बेहतर इलाज के लिए दिल्ली जा रहे थे। इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार है। कैप्टन विवेक विकास भगत और कैप्टन स्वराजदीप सिंह, ये दोनों प्लेन के पायलट थे। साथ में मरीज संजय कुमार, उनकी पत्नी अर्चना देवी और भांजा धीरू कुमार थे। इनके अलावा प्लेन में डॉक्टर विकास कुमार गुप्ता और पैरामेडिकल स्टाफ सचिन कुमार मिश्रा भी थे।

ब्लैक बॉक्स की तलाश

हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की एक विशेष टीम चतरा भेजी जा रही है। एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि फॉरेंसिक टीम और दिल्ली से आने वाली विशेषज्ञ टीम 'ब्लैक बॉक्स' को रिकवर करने का प्रयास करेगी, जिससे हादसे के तकनीकी कारणों का पता चल सके। शुरुआती तौर पर खराब मौसम को दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारी author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article