शहर

सनातन हिंदू एकता रथयात्रा में चोर गिरोह सक्रिय? लोगों के आभूषण चोरी, दो संदिग्ध महिलाएं पकड़ी गईं

पन्ना जिले के अमानगंज में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन हिंदू एकता रथयात्रा में शामिल होने पहुंची महिलाओं के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है।

Image

सनातन हिंदू एकता रथयात्रा में चोरी

मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के अमानगंज में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन हिंदू एकता रथयात्रा के दौरान चोरी की घटनाओं से हड़कंप मच गया। रथयात्रा में शामिल होने पहुंचे लोगों के सोने-चांदी के आभूषण और पर्स चोरी होने की शिकायतें सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि करीब आधा दर्जन लोग चोरी की घटनाओं का शिकार हुए हैं।

घटनाओं के बाद लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए दो संदिग्ध महिलाओं को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं राजस्थान की रहने वाली हैं। हालांकि, चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मंगलसूत्र चोरी

जयप्रकाश चतुर्वेदी के मुताबिक, रथयात्रा के दौरान किसी का मंगलसूत्र, किसी का पर्स तो किसी के सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए। उन्होंने बताया कि अजयगढ़ से लेकर पन्ना जिले के पवई तक इस तरह की घटनाएं सामने आई हैं। उनके अनुसार, इस गिरोह में महिलाओं के साथ पुरुष और बच्चे भी शामिल हो सकते हैं। कुछ संदिग्धों को पुलिस के हवाले किए जाने की बात भी उन्होंने कही। पीड़ितों का कहना है कि वे रथयात्रा देखने पहुंचे थे, लेकिन इसी दौरान उनके आभूषण चोरी हो गए।

चोरी की घटनाओं की जानकारी मिलने के बाद अमानगंज थाने में पीड़ितों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि चोरी की इन घटनाओं के पीछे कौन है, कितने लोग इसमें शामिल हैं और कितने लोगों को निशाना बनाया गया। फिलहाल, दो संदिग्ध महिलाओं को पकड़े जाने की बात सामने आई है, लेकिन उनकी भूमिका की पुष्टि होना बाकी है।

Makarand Kale
मकरंद कालेauthor

सुखदुःखे समे कृत्वा लाभालाभौ जयाजयौ।\nततो युद्धाय युज्यस्व नैवं पापमवाप्स्यसि\n\nसाल 2008 में by chance journalist बना। 2013 से by choice journalist हूं। कहते हैं ना कि अच्छे काम में पहले बहुत परेशानियां आती हैं। और बाद में उसी की आदत पड़ जाती है।

और पढ़ें
End of Article