शहर

JDU का नया नेता कौन? विधायक दल की बैठक में नहीं बनी बात, नीतीश कुमार पर छोड़ा फैसला

Nitish Kumar: बैठक की अध्यक्षता जद(यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने की। सूत्रों के मुताबिक, नए नेता के लिए उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी समेत कुछ नामों पर मंथन हो रहा है।

Image

नीतीश के बाद कौन?

Photo : PTI

JDU Meeting: नीतीश कुमार के बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिए जाने के बाद जनता दल (यूनाइटेड) में नए नेता के चयन के लिए पार्टी विधायक दल की बैठक आज हुई। सूत्रों के अनुसार, बैठक पटना स्थित 1, अणे मार्ग पर नीतीश कुमार के सरकारी आवास में हुई जिसमें जद(यू) के सभी विधायक और विधान परिषद सदस्य शामिल होंगे। ये बैठक खत्म हो गई है। जदयू विधायक दल की बैठक में कोई नेता नहीं चुना जा सका। विधायकों ने नीतीश कुमार को नेता चुनने के लिए अधिकृत कर दिया।

पूरे बिहार का भ्रमण करेंगे नीतीश

जदयू की मीटिंग में बड़ा फैसला हुआ है। नीतीश कुमार फिर पूरे बिहार का भ्रमण करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पार्टी के बड़े नेता कार्यकर्ताओं और गठबंधन के लोगों के साथ पूरे बिहार का भ्रमण करेंगे और लोगों के बीच जाएंगे। उन्होंने मीटिंग में कहा कि मैं फिर लोगों के बीच जाऊंगा। उन्होंने यह भी कहा कि राज्यसभा में जो संसदीय कार्य होगा उसे करने के बाद मैं बिहार में ही रहूंगा और बिहार की सरकार में मेरा मार्गदर्शन रहेगा।

नीतीश कुमार ने की अध्यक्षता

बैठक की अध्यक्षता जद(यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने की। सूत्रों के मुताबिक, नए नेता के लिए उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी समेत कुछ नामों पर मंथन हो रहा है। राजनीतिक विश्लेषक अरुण कुमार पांडे के अनुसार, बिहार की बदली हुई परिस्थितियों में यह बैठक जद(यू) की भावी रणनीति तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में जद(यू) अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार में सहयोगी दल की भूमिका निभाएगी।

10 बार बिहार के सीएम रहे नीतीश कुमार

बता दें कि 10 बार बिहार के सीएम रहे नीतीश कुमार ने 14 अप्रैल को राज्यपाल को अपना इस्तीफा दिया था। इस दौरान उनके साथ डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय चौधरी भी मौजूद थे। इस्तीफा देने के बाद करीब छह मिनट तक दोनों की वार्ता के बाद नीतीश कुमार लोकभवन से बाहर निकले। नीतीश कुमार हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया। वहीं इस्तीफा देने के बाद नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावात्मक पोस्ट किया। इसमें उन्होंने बिहार के सीएम के तौर पर अपने कार्यकाल को याद किया है।

नीतीश कुमार ने क्या लिखा?

इस्तीफा देने के बाद अपनी पहली पोस्ट में नीतीश कुमार ने लिखा, 'आप जानते हैं कि 24 नवंबर, 2005 को राज्य में पहली बार एनडीए सरकार बनी थी। तब से राज्य में कानून का राज है और हम लगातार विकास के काम में लगे हुए हैं। सरकार ने शुरू से ही सभी तबकों का विकास किया है चाहे हिंदू हो, मुस्लिम हो, अपर कास्ट हो, पिछड़ा हो, अति पिछड़ा हो, दलित हो, महादलित हो- सभी के लिए काम किया गया है। हर क्षेत्र में काम हुआ है चाहे शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो, सड़क हो, बिजली हो, कृषि हो। महिलाओं एवं युवाओं के लिए भी बहुत काम किया गया है। इन दिनों काम को और आगे बढ़ाया गया है। अगले पांच वर्षों यानि 2025 से 2030 के लिए 7 निश्चय-3 का गठन किया गया है। इससे और ज्यादा काम होगा जिससे बिहार काफी आगे बढ़ेगा। बिहार के विकास में केन्द्र का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। इसके लिए आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का नमन करते हैं। बिहार और तेजी से विकसित होगा और देश के टॉप राज्यों में शामिल हो जाएगा तथा देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

Saket kumar
साकेत कुमारauthor

साकेत कुमार के पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 18 वर्षों का लंबा अनुभव है। वर्तमान में वह Times Now Navbharat के पटना ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं और बिहार की राजनीति, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों और ग्राउंड रिपोर्टिंग में गहरी पकड़ रखते हैं। उन्होंने अपने करियर के दौरान कई महत्वपूर्ण खबरों को कवर किया है और निष्पक्ष, तथ्यपरक और सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। साकेट की रिपोर्टिंग में जमीनी हकीकत, गहन रिसर्च और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने की प्रतिबद्धता साफ दिखाई देती है।

और पढ़ें
End of Article