शहर

जामताड़ा में युवक के चेहरे पर मारी गोली, फिर हवा में फायरिंग कर भागे नकाबपोश; मौत

झारखंड के जामताड़ा में रविवार सुबह नकाबपोश अपराधियों ने 40 वर्षीय फुरकान अंसारी की गोली मारकर हत्या कर दी। धर्मपुर मोड़ पर हुई इस वारदात के बाद इलाके में तनाव है, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Image

जामताड़ा में दिनदहाड़े फायरिंग

Photo : Times Now Digital

झारखंड के जामताड़ा जिले से रविवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नारायणपुर थाना क्षेत्र के धर्मपुर मोड़ के पास दिनदहाड़े अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत है और स्थानीय लोगों में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गहरा आक्रोश है।

नाश्ते की दुकान पर हुआ जानलेवा हमला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 40 वर्षीय फुरकान अंसारी के रूप में हुई है, जो धरमपुर गांव का निवासी था। फुरकान पेशे से ड्राइवर था। रविवार सुबह करीब नौ बजे वह हर दिन की तरह धर्मपुर मोड़ स्थित एक दुकान पर नाश्ता करने गया था। वह अभी नाश्ता कर ही रहा था कि अचानक एक अपाचे बाइक पर सवार तीन नकाबपोश अपराधी वहां पहुंचे और फुरकान को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

दहशत फैलाने के लिए हवा में भी चलाई गोलियां

चश्मदीदों के मुताबिक, हमलावरों ने फुरकान के चेहरे को निशाना बनाकर गोली मारी, जिससे वह मौके पर ही खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने इलाके में खौफ पैदा करने के लिए हवा में भी फायरिंग की और बाइक से तेजी से फरार हो गए। अचानक हुई इस गोलीबारी से बाजार में अफरातफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

अस्पताल में घोषित किया गया मृत

घटना के तुरंत बाद परिजनों और ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल फुरकान को जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। फुरकान की मौत की खबर सुनते ही अस्पताल परिसर और उसके गांव में मातम छा गया। आक्रोशित परिजनों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

जांच में जुटी पुलिस और रंजिश का संदेह

सूचना पाकर नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मौके से तीन खाली खोखे बरामद किए हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती तौर पर यह मामला आपसी रंजिश का लग रहा है, हालांकि हत्या के सटीक कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article