Jamshedpur News: झारखंड के जमशेदपुर शहर में युवा उद्योगपति कैरव गांधी अपहरण कांड से जुड़े अपराधियों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। जिसमें तीन अपराधी गोली लगने से घायल हो गए हैं। वहीं बिष्टपुर थाना प्रभारी आलोक दुबे बाल-बाल बच गए। यह मुठभेड़ बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में सोनारी साईं मंदिर के पास गुरुवार रात करीब ढाई से तीन बचे के बीच हुई। पुलिस ने घायल अपराधियों को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया है। मुठभेड़ के बाद अस्पताल समेत शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
जमशेदपुर में किडनैपिंग केस के आरोपियों के साथ पुलिस मुठभेड़
पुलिस की कारबाइन छीनकर फायरिंग
जानकारी के अनुसार, पुलिस गिरफ्तार आरोपियों को लेकर सोनारी साईं मंदिर के पास पहुंची थी। जहां एक अपराधी ने मौके का फायदा उठाकर पुलिसकर्मी की कारबाइन छीन ली और फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। जिसमें तीन अपराधियों के पैर में गोली लगी है। जिनकी पहचान गुड्डू सिंह, मोहम्मद इमरान और रमीज राजा के रूप में हुई है। सभी घायल आरोपियों को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
लोकेशन से हथियार और कारतूस बरामद
सिटी एसपी कुमार शिवाजी के अनुसार, गिरफ्तार अपराधी बिहार के गया और नालंदा जिले के रहने वाले हैं। पूछताछ के दौरान हथियार की लोकेशन बताई। मिली सूचना के आधार पर पुलिस देर रात हथियार बरामद करने के लिए पहुंची थी। अपराधियों के बताए गए लोकेशन से हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए। इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस को भी मजबूरन जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। मुठभेड़ के बाद एमजीएम अस्पताल और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
13 जनवरी को उद्योगपति कैरव गांधी का हुआ अपहरण
गौरतलब है कि 13 जनवरी को युवा उद्योगपति कैरव गांधी को आरोपियों ने किडनैप कर लिया था। पुलिस ने 27 जनवरी को अपहरण के 14 दिन बाद उन्हें अपहर्ताओं के चंगुल से मुक्त करा लिया और सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया था। इस मामले में पुलिस ने अब तक आधा दर्जन से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। शुक्रवार को डीजीपी तादाशा मिश्रा पूरे मामले को लेकर आधिकारिक ब्रीफिंग करेंगी।
