जम्मू-कश्मीर में मौसम का रौद्र रूप! पहलगाम, जोजिला और शोपियां में बादल फटने से हाहाकार, कुपवाड़ा में महिला की मौत

जम्मू-कश्मीर में सोमवार को मौसम ने जमकर कहर बरपाया, कई इलाकों में बादल फटने और भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित हुआ। पहलगाम, जोजिला और शोपियां में सड़कें क्षतिग्रस्त होने के साथ कई घरों में पानी घुस गया, जबकि कुपवाड़ा में अचानक आई बाढ़ में एक महिला की जान चली गई। प्रशासन और बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में राहत अभियान चला रहे हैं, वहीं कई प्रमुख मार्गों पर एहतियातन यातायात रोक दिया गया है।

Jammu Kashmir Cloudburst: जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में सोमवार को खराब मौसम और प्राकृतिक आपदाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। पहलगाम, जोजिला और शोपियां में बादल फटने की अलग-अलग घटनाओं के चलते सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं, कई रिहायशी इलाकों में पानी घुस गया और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। वहीं सोनमर्ग में भूस्खलन की घटना भी सामने आई। प्रशासन, पुलिस और बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। कुपवाड़ा जिले के लोलाब इलाके में बादल फटने के बाद अचानक आई बाढ़ में 52 वर्षीय नसीमा बेगम बह गईं।

Tourists evacuated after cloudburst in Pahalgam

पहलगाम में बादल फटने के बाद पर्यटकों को निकाला गया

शाहाबाद के पास बरामद हुआ शव

अधिकारियों के मुताबिक, नसीमा बेगम उफनते नाले पर बनी एक पुलिया को पार करने की कोशिश कर रही थीं, तभी तेज बहाव की चपेट में आ गईं। काफी तलाश के बाद उनका शव निचले इलाके में शाहाबाद के पास बरामद किया गया। दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में भी मौसम ने भारी तबाही मचाई। पहलपोरा और हीरपोरा में बादल फटने की घटनाओं के दो दिन बाद सोमवार दोपहर बदरहामा गांव में भी बादल फट गया। इसके बाद पहाड़ी क्षेत्र से तेज रफ्तार में पानी नीचे की ओर आया और कई घरों में घुस गया। अचानक आई बाढ़ से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने मिलकर पानी का बहाव दूसरी दिशा में मोड़ने का प्रयास किया, जिससे संभावित नुकसान को कम किया जा सके।

End of Feed