Rajasthan Road Accident: राजस्थान के पाली में शुक्रवार को एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया जिसकी वजह से उसमें आग लग गई। इस हादसे में ट्रक ड्राइवर की मौत हो गई। घटना के बाद हाइवे पर लंबा जाम लग गया। आग लगने के बाद मौके पर दमकल की चार गाड़ियां आग बुझाने के लिए पहुंची।
ड्राइवर की कैसे हुई मौत
अनियंत्रित होकर जब ट्रक पलटा तो उसमें आग लग गई और ड्राइवर केबिन में फंस गया। देखते ही देखते आग इतनी ज्यादा भयावह हो गई कि उसने ड्राइवर की जान ही लील ली। करीब घंटे भर की मशक्कत के बाद दमकल की गाड़ियां आग पर काबू पाने में कामयाब रहीं।
मौके पर भारी भीड़
इस हादसे बाद मौके पर स्थानीय लोगों का हुजूम एकत्रित हो गया। इस दौरान पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, ट्रक चालक बिलाड़ा के पास रहने वाला राजूराम वैष्णव था। बाद में आग में बुरी तरह से झुलसे चालक के शव को निकाल कर एंबुलेंस की मदद से बांगड़ अस्पताल के मोर्चरी में रखवाया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पाली, विपिन शर्मा ने बताया कि ट्रक ब्यावर से सिरोही की ओर जा रहा था। तभी वह अनियंत्रित होकर पलट गया। मौके पर लगे लंबे जाम को चालू करवाने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
