Jodhpur Truck Fire: जोधपुर में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया है। जहां एक पेट्रोल पंप पर खड़े ट्रक में भीषण आग लग गई। हालांकि पेट्रोल पंप कर्मचारी की सूझबूझ से यह हादसा टल गया। कर्मचारी ने अपनी जान की परवाह किए बिना आग को पेट्रोल पंप की ओर भड़कने से बचाया। घटना की सूचना पाकर दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची। जिन्होंने आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक ट्रक पूरी तरह जल गया था।
पंपकर्मी ने जलते ट्रक को चलाकर दूर छोड़ा
यह हादसा जोधपुर के डांगियावास बाइपास पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर हुआ। जहां एक खड़े ट्रक में अचानक आग लग गई। इस दौरान ट्रक चालक मौके पर नहीं था। ऐसे में पंपकर्मी बलदेवसिंह बिश्नोई ने जान की परवाह किए बिना ट्रक का कांच तोड़ा। जिसके बाद ट्रक को स्टार्ट किया और जलते ट्रक को एक किलोमीटर दूर सुनसान जगह पर ले जाकर छोड़ा। पंपकर्मी की बहादुरी से एक बड़ा हादसा टल गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया है। लेकिन ट्रक का सारा सामान जलकर खाक हो गया है।
