पटना

खुशखबरी! खुलने जा रहा जेपी गंगा पथ का विस्तारित रूट, डायरेक्ट पहुंचेंगे दीघा से दीदारगंज; जाम को कहिए बाय-बाय

JP Ganga Path Opening Date: बिहार की राजधानी पटना को जाम ले राहत मिलने वाली है। गंगा नदी किनारे यानी जेपी गंगा पथ से दीघा से दीदारगंज विस्तारित रूट को खोलने की तैयारी है। 20.5 किलोमीटर लंबे इस रूट से बड़ी संख्या में लोगों को आवागमन में आसानी होगी।

Image

दीघा-दीदारगंज जेपी गंगा पथ

JP Ganga Path: पटना वासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब शहर के लोगों को जाम के झाम से थोड़ी निजात मिलने वाली है। जी हां, गंगा नदी के किनारे बना जेपी गंगा पथ अब दीघा से सीधे दीदारगंज तक आवागमन के लिए 10 अप्रैल यानी गुरुवार से खोल दिया जाएगा। सीएम नीतीश कुमार इस पथ के दीदारगंज खंड का लोकार्पण करेंगे। यह 20.5 किलोमीटर लंबा मार्ग पटना के दो महत्वपूर्ण छोरों दीघा और दीदारगंज को आपस में कनेक्ट करता है। लगभग 3831 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस परियोजना का निर्माण बिहार राज्य पथ विकास निगम ने किया है। इसके खुलने से पटनावासियों समेत अन्य आसपास के जिलों के लोगों को लाभ मिलेगा।

इन जिलों को होगा सीधा फायदा

सबसे बड़ा फायदा यह कि अब उत्तर बिहार से पटना आने वाले लोगों का सफर आसान हो जाएगा। भागलपुर, मुंगेर, जमुई, बेगूसराय, खगड़िया, बांका जैसे जिलों से आने वाले लोग दीदारगंज टोल प्लाजा से पहले ही जेपी गंगा पथ पर प्रवेश कर गंतव्य की ओर जा सकेंगे। इसके रूट से गाय घाट, अशोक राजपथ, पीएमसीएच, गांधी मैदान, अटल पथ, पाटली पथ या दीघा कुछ ही मिनटों में पहुंचा जा सकेगा। वर्तमान में दीदारगंज से शहर में प्रवेश करने में दो घंटे का समय लग जाता है, लेकिन अब लोगों को जाम से मुक्ति मिलने वाली है। हालांकि, सरकार की योजना के मुताबिक, इस पथ पर बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी, ताकि छोटे वाहनों को आवागमन में और भी सुविधा हो।

4 चरणों में गंगा पथ निर्माण

यह परियोजना को चरणबद्ध तरीके से विकसित किया गया है। इसका पहला चरण 24 जून, 2022 को दीघा से पीएमसीएच तक शुरू हुआ, दूसरा चरण 14 अगस्त, 2023 को पीएमसीएच से गायघाट तक, तीसरा चरण 10 जुलाई, 2024 को गायघाट से कंगन घाट तक और और अब चौथा चरण गुरुवार यानी 10 अप्रैल से कंगन घाट से दीदारगंज तक का सफर शुरू होगा। जानकारी के मुताबिक, जेपी गंगा पथ का विस्तार भविष्य में दीघा से कोईलवर और दीदारगंज से मोकामा तक होगा, जो क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को और मज़बूत करेगा। इससे खुलने से वाहन चालकों का समय और ईधन दोनों बचेगा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article