भारत और पाकिस्तान के बीच जारी गतिरोध में कई बड़े नुकसान हुए हैं। शनिवार तड़के पाकिस्तान की ओर से किए गए हवाई हमले में राजस्थान के झुंझनू जिले का शहीद हो गया। अधिकारियों ने बताया कि 36 वर्षीय जवान सुरेन्द्र कुमार जम्मू एवं कश्मीर के उधमपुर एयरबेस पर भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के सहायक चिकित्सा सार्जेंट के रूप में कार्यरत थे। झुंझुनू के जिला कलेक्टर रामावतार मीना ने बताया कि सुरेंद्र कुमार मोगा उधमपुर एयरबेस पर भारतीय वायुसेना की 39वीं विंग में तैनात थे। शनिवार तड़के एयरबेस पर पाकिस्तानी हमले में शहीद हो गए। सुबह सूचना मिलने पर जिला पुलिस अधीक्षक शरद चौधरी और मैं उनके परिवार से मिलने गए और उन्हें खबर बताई।
सुरेंद्र कुमार (फाइल फोटो)
सुरेंद्र कुमार 14 साल से भी ज़्यादा समय से सेना में तैनात थे। उनके चचेरे भाई कुलदीप कुमार मोगा भी भारतीय सेना के भूतपूर्व सैनिक हैं। उन्होंने ने बताया कि पहले सुरेंद्र लखनऊ में तैनात थे और दो महीने पहले ही उनका तबादला उधमपुर हुआ था। पिछली बार जब वे अप्रैल में झुंझुनू आए थे, तो उन्होंने अपने नए घर के लिए एक समारोह आयोजित किया था। 20 अप्रैल को वे अपनी पत्नी सीमा (34) के साथ एयरबेस लौटे।
सीएम ने जताया दु:ख
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को ‘उधमपुर एयरबेस’ पर भारतीय सेना के जवान के जान गंवाने पर दुख जताया। शर्मा ने कहा, “राष्ट्र सुरक्षा का कर्तव्य-निर्वहन करते हुए ‘उधमपुर एयरबेस’ पर वीरगति को प्राप्त राजस्थान के बेटे, झुंझुनूं निवासी, भारतीय सेना के जवान सुरेंद्र सिंह मोगा की शहादत का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “प्रभु श्रीराम पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिवार को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ऊं शांति।
