Udaipur Flood News: राजस्थान में मानसून ने ऐसी करवट ली है कि राज्य का एक बड़ा हिस्सा इसका कहर झेल रहा है। बीती रात से राज्य के कई हिस्सों में हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित कर दिया है। उदयपुर में स्थिति काफी गंभीर हो गई है। यहां सोन नदी उफान पर बह रही है और मूसलाधार बारिश होने की वजह से कई गांव पानी में डूब गए हैं। कोटा, सवाई माधोपुर और बूंदी जैसे जिलों के निचले इलाकों में हालात बेहद गंभीर हो गए हैं, जहां पानी घरों में घुस गया और कई गांवों का संपर्क पूरी तरह टूट गया है। सेना को राहत और बचाव कार्यों के लिए बुलाया गया है। कई स्थानों पर रेल और सड़क यातायात प्रभावित हुआ है। बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी सक्रिय हैं।
राजस्थान के कई इलाकों में हो रही लगातार बारिश (फाइल फोटो | PTI)
उदयपुर में बारिश ने मचाई तबाही
उदयपुर जिले के आदिवासी अंचल खेरवाड़ा और झाड़ोल क्षेत्र में भारी बारिश के चलते कई गांव जलमग्न हो गए हैं। खेरवाड़ा के अकोट पाडलिया गांव में देर रात से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण घरों में पानी भर गया, जिससे लोग जान बचाकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने को मजबूर हो गए। वहीं, झाड़ोल क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण कैचमेंट एरिया की नदियां उफान पर हैं। सोम नदी का पानी खेरवाड़ा-झाड़ोल राष्ट्रीय राजमार्ग (NH 927A) पर बह रहा है, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। स्थिति के गंभीर होने की आशंका भी है।
हो रही है भारी बारिश
उदयपुर जिले के ओगणा इलाके में 91 मिलीमीटर ओर झाडोल में 80 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। राज्य में रविवार को सबसे अधिक बारिश दौसा जिले में दर्ज की गई, जहां 24 घंटे में 285 मिलीमीटर (11.4 इंच) बारिश हुई। नागौर में 173 मिलीमीटर और जयपुर में 93 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। आज यानी 25 तारीख को उदयपुर में ऑरेंज अलर्ट जारी कर, मौसम विभाग ने भारी से अतिभारी बारिश की आशंका जताई है। मंगलवार और बुधवार को भी मौसम विभाग ने भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
34 जिलों में अलर्ट, स्कूल-कॉलेज बंद
मौसम विभाग ने सोमवार, 25 अगस्त के लिए अपनी चेतावनी बुलेटिन में राज्य के 34 जिलों के अलर्ट जारी किया है। जिसमें नागौर, भीलवाड़ा, टोंक, पाली, सीकर, अजमेर, जालोर के लिए ऑरेंज अलर्ट और बाड़मेर, जैसलमेर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, कोटा, झालावाड़ और बारां को छोड़कर शेष सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य सरकार ने एहतियात के तौर पर 20 से अधिक जिलों के स्कूल-कॉलेजों में अवकाश घोषित कर दिया है।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक राजस्थान में भारी से अति भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। खासकर दक्षिण और मध्य राजस्थान के जिलों में और अधिक सतर्क रहने की जरूरत है। राजस्थान में आगले 5 दिनों तक मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। जयपुर, भरतपुर, शेखावाटी, बीकानेर, अजमेर, जोधपुर और उदयपुर संभागों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। हालांकि, कोटा संभाग में धीरे-धीरे बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना जताई गई है।
बिगड़े मौसम को देखते हुए राहत कार्यों में NDRF और SDRF की सात-सात टीमें तैनात हैं। कोटा में भारतीय वायुसेना का हेलीकॉप्टर राहत कार्यों के लिए सक्रिय है, जबकि जोधपुर में एक हेलीकॉप्टर स्टैंडबाय पर रखा गया है।
