जयपुर

इलाज के लिए मुंबई जा रहा नाबालिग से दुष्कर्म का दोषी आसाराम, कोर्ट से मिली है 7 दिन की पैरोल

कथावाचक आसाराम नाबालिग से रेप के मामले में दोषी साबित हो चुका है और दो मामलों में आजीवन कारावास की सजा भी काट रहा है। इस बीच राजस्थान हाईकोर्ट ने हाल ही में उसे इलाज के लिए 7 दिन की पैरोल दी थी। आज उसे कड़ी सुरक्षा के बीच इलाज के लिए मुंबई ले जाया जा रहा है।

Image

इलाज के लिए मुंबई जा रहा आसाराम

Photo : PTI

जोधपुर : आसाराम नाबालिग से दुष्कर्म (Rape Convict Asaram) के मामले में जेल की सजा काट रहा है। दो मामलों में उसे आजीवन कारावास (Life Imprisonment) की सजा मिल चुकी है। इस बीच राजस्थान हाईकोर्ट ने जोधपुर जेल में सजा काट रहे आसाराम को इलाज के लिए 7 दिन की पैरोल दी है। आज यानी मंगलवार 27 अगस्त को उसे जोधपुर से मुंबई लेकर जाया जा रहा है, जिसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

जोधपुर में स्थानीय पुलिस और जेल प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। एयरपोर्ट की ओर आने जाने वाले वाहनों को चेक किया जा रहा है। आसाराम को जोधपुर से फ्लाइट से मुंबई ले जाया जाएगा, जहां वो खपोली स्थित माधव बाग अस्पताल पहुंचकर अपना इलाज करवाएगा। आसाराम को राजस्थान हाईकोर्ट ने इलाज के लिए 13 अगस्त को 7 दिन की पैरोल दी थी। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा था कि पैरोल की अवधि अस्पताल पहुंचने के दिन से गिनी जाएगी।

राजस्थान कोर्ट ने आसाराम को शर्तों के साथ इलाज के लिए पैरोल दी है। उसका इलाज जिस निजी कमरे में होगा, वहां पर 24 घंटे पुलिस का पहरा रहेगा। आसाराम से कोई भी अतिरिक्त व्यक्ति इलाज के दौरान नहीं मिल सकेगा। आसाराम को इलाज के दौरान आने-जाने का पूरा खर्च स्वयं उठाना होगा।

एयरपोर्ट थाना अधिकारी हनुमान सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आसाराम का महाराष्ट्र में इलाज के लिए पूर्व निर्धारित कार्यक्रम है। इसी के तहत एयरपोर्ट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। हमारी कोशिश है कि आसाराम का कोई भी भक्त अंदर ना जा पाए।

एयरपोर्ट के अंदर उन्हीं लोगों को जाने की अनुमति है, जिनकी फ्लाइट है। उनके साथ जो भी परिजन एयरपोर्ट पर छोड़ने आ रहे हैं, उन्हें गेट पर ही रोक दिया जा रहा है। ताकि एयरपोर्ट के अंदर किसी भी तरह की भगदड़ न मचे।

बता दें कि आसाराम दो मामलों में सजा काट रहा है। इसकी वजह से वो जेल की सलाखों के पीछे है। नाबालिग के साथ दुष्कर्म मामले में आसाराम को जोधपुर पुलिस ने इंदौर के आश्रम से साल 2013 में गिरफ्तार किया था। कोर्ट में पांच साल की लंबी सुनवाई के बाद 2018 में आसाराम को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी।

वहीं दूसरा मामला गुजरात के गांधीनगर आश्रम का है, जहां आसाराम के खिलाफ एक महिला ने रेप का मामला दर्ज करवाया था। गांधीनगर कोर्ट ने इस मामले की सुनवाई करते हुए साल 2023 में आसाराम को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।

-आईएएनएस

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article