Rajasthan Weather Today: राजस्थान में बीते दिनों हुई भारी बारिश के बाद अब मानसून की चाल धीमी पड़ गई है। कई इलाकों में लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने बताया कि इससे लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। जल्द ही राजस्थान में मानसून फिर एक्टिव होगा और लोगों को उमस से राहत मिलेगी। बता दें कि इस बीच राजस्थान के 15 जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
राजस्थान में झमाझम बारिश का अलर्ट
राजस्थान में 25 जून से मानसूनी बारिश का दौर शुरू हुआ था। तब से प्रदेश में रुक-रुककर बारिश हो रही है। भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई। मौसम विभाग ने बताया कि अभी तक राजस्थान के 19 जिलों में अत्यधिक बारिश हुई है। वहीं 14 जिलों में सामान्य से अधिक और 8 जिलों में सामान्य बारिश दर्ज की गई है। इस दौरान राजस्थान के 6 जिले ऐसे हैं जहां सामान्य से कम बारिश हुई है। प्रदेश में नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ने से लोगों को बहुत परेशानी हो रही है। यहां कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।
राजस्थान में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज राजस्थान के झुंझुनू, सीकर, जयपुर, अजमेर, टोंक, दौसा, सवाई माधोपुर, करौली, धौलपुर, भरतपुर, झालावाड़, कोटा, बारां, बूंदी और अलवर हल्की से तेज बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इस दौरान 40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट भी जारी किया है।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम का हाल
मौसम विभाग ने अनुसार, राजस्थान के कुछ हिस्सों में आने वाले 4-5 दिनों तक बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर छुटपुट बारिश होगी तो वहीं कुछ स्थानों पर हवाओं के साथ तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, कोटा व उदयपुर संभाग में 23 से 26 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना है। बताया जा रहा है कि 24-25 अगस्त को कोटा, उदयपुर, अजमेर संभाग में मेघगर्जन के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
