Rajasthan Weather Today: राजस्थान में बारिश का दौर थमने लगा है। बारिश रुकने के साथ शहर के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। राजस्थान का तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया है। तापमान बढ़ने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने राजस्थान को ग्रीन जोन में रखा हुआ है। इस दौरान किसी भी जिले में अच्छी या भारी बारिश की कोई संभावना बनती नजर नहीं आ रही है। लेकिन कई जिलों में बादलों की आवाजाही जारी है। मौसम विभाग ने बताया कि विदाई से पहले प्रदेश में बादल एक बार फिर झमाझम बरसेंगे।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम का हाल
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, मानसून की विदाई से पहले 25 सितंबर से प्रदेश में बारिश का दौर फिर शुरू होगा। दो दिन बाद राजस्थान के कई जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि 26 सितंबर से पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होगी। एक अनुमान के अनुसार, 27 सितंबर से 3 अक्टूबर के बीच प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश होगी। भारी बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।
पिछले 24 घंटों में कैसा रहा मौसम का हाल
राजस्थान में मौसम के उतार-चढ़ाव के बीच उदयपुर समेत पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में बीते 24 घंटे में हल्की बारिश दर्ज की गई है। बारिश के बाद उमस और गर्मी में बढ़ोतरी हुई।
सामान्य से 57 प्रतिशत अधिक बारिश
राजस्थान में इस सीजन सामान्य से 57 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। इस दौरान सबसे अधिक बारिश जयपुर, अजमेर, नागौर, जोधपुर और अलवर में हुई है। आंकड़ों के अनुसार, जयपुर में इस साल 92 प्रतिशत, अजमेर में 83%, नागौर में 82%, जोधपुर में 77%, अलवर में 76%, बीकानेर में 74%, भरतपुर में 73%, सीकर में 57%, कोटा में 24% और उदयपुर में 13% बारिश दर्ज की गई है।
