Rajasthan Weather Today: राजस्थान में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ जिलों में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है तो वहीं कई जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। इस बीच बताया जा रहा है कि दिसंबर के अंतिम सप्ताह में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है। इसका असर राजस्थान के मौसम पर देखने को मिलेगा। आने वाले दिनों में कई जिलों में बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। बारिश से प्रदेश के तापमान में और कमी आएगी और ठंड का स्तर भी बढ़ेगा। बढ़ती ठंड से सबसे अधिक परेशानी स्कूल और ऑफिस जाने वाले लोगों को हो रही है। सुबह के समय भीषण ठंड में घर से बाहर निकलना मुश्किल होने लगा है। आइए अब आपको बताएं कैसा रहेगा आज मौसम का हाल -
राजस्थान के इन जिलों में कोल्ड वेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने राजस्थान के 5 जिलों में कोल्ड वेव यानी शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गंगानगर, हनुमानगढ़, सीकर, चूरू और झुंझुनू में शीतलहर का दौर जारी रहेगा। यहां बर्फीली हवाएं चलने की वजह से कंपकंपा देने वाली सर्दी पड़ रही है। ठंड से बचने के लिए लोग गर्म कपड़े और अलाव का सहारा ले रहे हैं।
10 जिलों में जारी कोहरे का येलो अलर्ट
जयपुर मौसम केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, आज राजस्थान के अलवर, भरतपुर, दौसा, करौली, धौलपुर, सवाई माधोपुर, बारां, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर में कोहरा का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान इन शहरों में विजिबिलिटी कम रहेगी। लोगों को सड़क पर यात्रा करते समय सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
प्रमुख जिलों में कितना रहा न्यूनतम तापमान
राजस्थान के माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री दर्ज किया गया है। उसके अलावा, सीकर में 5 डिग्री, श्रीगंगानगर में 6.1 डिग्री, चूरू में 6.7 डिग्री, अलवर में 8 डिग्री, बीकानेर में 8.5 डिग्री, जैसलमेर में 8.7 डिग्री, जयपुर में 9.4 डिग्री, बाड़मेर में 10.4 डिग्री, कोटा में 10.8 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 11 डिग्री, अजमेर में 11 डिग्री और जोधपुर में 11.4 डिग्री दर्ज किया गया है।
