जयपुर

Rajasthan Weather Today: राजस्थान में अभी नहीं थमा बारिश का दौर, इस दिन से एक्टिव होगा मानसून; IMD ने बताया मौसम का हाल

Rajasthan Weather Today: राजस्थान में कमजोर पड़ा मानसून फिर एक्टिव होने वाला है। विदाई से पहले प्रदेश में 6-7 दिन झमाझम बारिश होगी। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

Image

राजस्थान में अभी नहीं थमा बारिश का दौर

Rajasthan Weather Today: राजस्थान में बारिश का दौर रुकने लगा है। मानों मानसून की विदाई का समय आ गया है। लेकिन ऐसा नहीं है। राजस्थान में अभी मानसून की विदाई में समय है। क्योंकि प्रदेश में एक बार फिर मानसून के एक्टिव होने की संभावना बन रही है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, सितंबर के अंत में मानसून एक्टिव हो सकता है। इसके अनुसार, महीने का अंत और अक्टूबर माह की शुरुआत बारिश के साथ होगी।

बता दें कि इस साल देश में सबसे अधिक बारिश राजस्थान में दर्ज की गई है। प्रदेश में सामान्य से 58 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। बीते दिनों हुई बारिश के बाद अब मौसम शुष्क बना हुआ है। तापमान में वृद्धि हो रही है और उमस भी बढ़ने लगी है। लेकिन लोगों को अधिक परेशान होने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि जल्द ही प्रदेश में कमजोर पड़ा मानसून एक्टिव होने वाला है। इससे फिर राजस्थान में बदरा झमाझम बरसेंगे।

राजस्थान में आज मौसम का हाल

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज राजस्थान में बारिश की कोई संभावना नहीं है। पूरे प्रदेश को ग्रीन जोन में रखा गया है। यहां मौसम शुष्क बना रहेगा। कुछ जिलों में बादलों की आवाजाही जारी रहेगी, लेकिन बरसात नहीं होगी।

आने वाले दिनों में मौसम का हाल

मौसम विभाग के हाल ही में जारी अपडेट के अनुसार, राजस्थान में आने वाले दिनों में बारिश की कोई संभावना नहीं है। 26 सितंबर तक प्रदेश को ग्रीन जोन में रखा गया है। मौसमी गतिविधियों के न बनने के कारण प्रदेश में बारिश के आसार कम नजर आ रहे है। इस दौरान राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा। बादलों की आवाजाही के बीच धूप खिली रह सकती है।

इस दिन एक्टिव होगा मानसून

मानसून की विदाई से पहले राजस्थान में बारिश का आखिरी दौर जल्द शुरू होने वाला है। विभाग के अनुसार, 27 सितंबर से प्रदेश में मानसून एक्टिव होगा और 3 अक्टूबर तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में झमाझम बारिश होगी। 21 से 27 सितंबर के बीच बढ़ी गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी और तापमान में एक बार फिर कमी दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग ने बताया कि इस दौरान पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article