लखनऊ

UP Weather Today: यूपी में थमा बारिश का दौर, 5 दिन ग्रीन जोन में रहेगा प्रदेश; जानें बारिश को लेकर IMD की भविष्यवाणी

UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में मानसून की वापसी हो रही है। यहां आने वाले दिनों में बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने यूपी को ग्रीन जोन में शामिल किया है।

Image

यूपी में भारी बारिश के आसार

KEY HIGHLIGHTS
  • यूपी में बारिश पर लगा ब्रेक
  • वापसी की कगार पर मानसून
  • सुबह-शाम ठंडक का एहसास

UP Weather Today: यूपी में मानसून विदाई की ओर बढ़ रहा है। प्रदेश में बारिश का दौर अब थम गया है। आने वाले दिनों में यूपी में बारिश की संभावना नहीं है। बारिश न होने से प्रदेश के तापमान में बढ़ोतरी होनी शुरू हो गई है। तापमान के बढ़ने के साथ राज्य के कई जिलों में उमस भी बढ़ने लगी है। लेकिन सुबह-शाम का मौसम साफ और ठंड़ा बना हुआ है। दिन चढ़ने के साथ धूप खिलती है और शाम होते-होते लोगों को हल्की ठंडक का एहसास होने लगता है। मौसमी गतिविधियों को देखते हुए यूपी अब ग्रीन जोन में है। आने वाले दिनों में किसी भी जिले में बारिश की संभावना बनती नजर नहीं आ रही है।

जून में मानसून की शुरुआत से ही प्रदेश में झमाझम बारिश का दौर जारी रहा। लेकिन बावजूद इसके इस सीजन में प्रदेश में सामान्य से 5 प्रतिशत कम बारिश हुई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, यूपी में 715.8 प्रतिशत बारिश होती है। लेकिन इस सीजन में प्रदेश में 680.8 एमएम बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 5 प्रतिशत कम है। आइए अब आपको बताएं कैसा रहेगा आज उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल -

यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम का हाल

मौसम विभाग के अनुसार, यूपी में कहीं भी भारी बारिश की कोई संभावना नहीं है। नाऊकास्ट के मुताबिक, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती और सीतापुर में छिटपुट बारिश के साथ 40 किमी की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा पूरे यूपी को ग्रीन जोन में रखा गया है। इसका अर्थ है कि आज यूपी का मौसम साफ बना रहेगा। विभिन्न जिलों में बादलों की आवाजाही रहेगी, लेकिन बारिश के आसार कम है।

यूपी में कई स्थानों पर बाढ़ जैसे हालात

बीते दिनों हुई भारी बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं। यहां नदियां उफान पर हैं। यूपी के 21 जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। यहां यमुना, सरयू, घाघरा, शादरा, मंदाकिनी, गंगा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। घाट और नदी किनारे रहने वाले लोगों के घरों तक पानी आ गया है। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ना है। बाढ़ के पानी के चलते लोग पलायन करने पर मजबूर हैं।

आने वाले दिनों में यूपी में मौसम का हाल

मौसम विभाग लागातर मौसमी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। मौसम की स्थिति और गतिविधियों को देखते हुए यूपी को ग्रीन जोन में एड किया गया है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, यूपी अगले 5 दिनों तक ग्रीन जोन में ही रहेगा। यहां आने वाले दिनों में बारिश की कोई संभावना नहीं है। विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में एक नया कम दबाव वाला क्षेत्र बन रहा है, जिसके कारण यूपी में बारिश का दौर थम गया है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article