राजस्थान विश्वविद्यालय परिसर में विजयादशमी उत्सव के मौके पर आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यक्रम में मंगलवार को जोरदार हंगामा हुआ। कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही एनएसयूआई (NSUI) के छात्र नेता महेश चौधरी मंच पर चढ़ गए और पोस्टर फाड़ दिए। इस दौरान उन्होंने पोडियम भी गिरा दिया। अचानक हुई इस घटना से माहौल तनावपूर्ण हो गया और आरएसएस स्वयंसेवक तथा एनएसयूआई कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए।
RSS के कार्यक्रम में जोरदार हंगामा हुआ
बरसात के बीच ही दोनों गुटों के बीच धक्का-मुक्की हुई और नारेबाजी तेज हो गई। हालात काबू से बाहर होते देख पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा। इसी दौरान पुलिस और छात्रों के बीच भी जोर आजमाइश हुई। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस ने उनके वाहनों को तोड़फोड़ किया और लाठीचार्ज कर कई छात्रों को घायल कर दिया।
हंगामे से पहले एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय परिसर में नारेबाजी और प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि विश्वविद्यालय को राजनीतिक एजेंडे का मंच बनाया जा रहा है। उनका आरोप था कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जैसे विचारधारा-आधारित और पक्षपातपूर्ण संगठन को विश्वविद्यालय में कार्यक्रम करने की अनुमति देना शैक्षणिक स्वतंत्रता और तटस्थता पर सीधा हमला है।
जाखड़ ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कुलपति पर भ्रष्टाचार के कई आरोप लगे हैं और उसी से बचाव के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। एनएसयूआई का कहना है कि परिसर में किसी भी राजनीतिक या सांप्रदायिक एजेंडे को स्थान नहीं दिया जाना चाहिए।
उधर, आरएसएस और विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कहा गया कि विजयादशमी उत्सव सांस्कृतिक और पारंपरिक महत्व का आयोजन है, जिसे किसी राजनीतिक दृष्टिकोण से नहीं देखा जाना चाहिए।
फिलहाल पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है, लेकिन घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में तनाव बना हुआ है। सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
