राजस्थान में सरकारी कर्मचारियों और पेंशन भोगी पूर्व कर्मचारियों के लिए खुशखबरी है। सरकार ने राज्य के 8 लाख कर्मचारियों और करीब साढ़े चार लाख पेंशन भोगियों के लिए महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी कर दी है। यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2025 से लागू होगी। यानी कर्मचारियों और पेंशन भोगियों को एरियर भी मिलेगा।
राजस्थान में बढ़ा महंगाई भत्ता
वित्तीय वर्श 2025-26 और नव वर्ष विक्रम संवत (2082) के विशेष अवसर पर सरकार ने इस बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। सरकार ने सातवें वेतनमान के अंतर्गत राज्य कर्मचारियों और पेंशन भोगियों के महंगाई भत्ते में 2 फीसद की बढ़ोतरी करके उन्हें महंगाई से राहत देने का निर्णय किया है।
इस निर्णय के बाद 1 जनवरी 2025 से राज्य के कर्मचारियों और पेंशन भोगियों का महंगाई भत्ता 55 फीसद हो जाएगा। इस फैसले से राज्य सरकार के 8 लाख कर्मचारियों और 4.40 लाख पेंशन भोगियों को लाभ मिलेगा।
