Rajasthan Gas Leak: राजस्थान के ब्यावर जिले में एक केमिकल फैक्ट्री में गैस लीक से हड़कंप मच गया। इस हादसे में केमिकल फैक्ट्री के मालिक समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक लोग बीमार हो गए। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, अवैध केमिकल फैक्ट्री में खड़े टैंकर से गैस लीक होने के बाद अफरा-तफरी मच गई थी।
क्या है पूरा मामला?
एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि फैक्ट्री मालिक और दो अन्य लोगों की मौत हो गई है। जिला कलेक्टर महेंद्र खड़गावत ने बताया कि बाडिया इलाके में एक रिहायशी इलाके में अवैध रूप से संचालित फैक्ट्री में नाइट्रिक एसिड लीक होने से सोमवार देर रात 53 लोग बीमार हो गए।उन्होंने बताया कि समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया।
बकौल एसपी श्याम सिंह, गैस की चपेट में आने से आसपास के कई लोग बीमार हो गए, जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि हादसे में फैक्ट्री मालिक 47 वर्षीय सुनील सिंघल की सोमवार को मौत हो गई, जबकि 52 वर्षीय दयाराम और नरेंद्र सोलंकी ने मंगलवार को दम तोड़ा।
सांस लेने में हो रही परेशानी
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि इलाके के लोगों को सांस लेने में तकलीफ, सीने में भारीपन और उल्टी की शिकायत के बाद स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत में दो लोगों का अजमेर के जेएलएन अस्पताल में इलाज चल रहा है। अधिकारी ने बताया कि फैक्ट्री के आसपास के लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। कलेक्टर खड़गावत ने जिले में बिना परमिट के चल रही फैक्ट्रियों का सर्वे करने के लिए नगर परिषद, राजस्व विभाग और पुलिस के अधिकारियों की एक कमेटी गठित करने के आदेश दिए हैं।
