Kota News: कोटा जिले के मंडाना थाना क्षेत्र में स्थित नेशनल हाईवे-52 पर एक दर्दनाक घटना सामने आई है। परिवहन विभाग द्वारा एक ट्रेलर का चालान काटे जाने से नाराज चालक ने ट्रेलर को जानबूझकर घुमाकर आरटीओ इंस्पेक्टर को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक आरटीओ इंस्पेक्टर नरेश बरवाल उड़न दस्ते के साथ हाईवे पर तैनात थे। ट्रेलर चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रेलर चित्तौड़गढ़ से झालावाड़ की ओर जा रहा था। कोटा के प्रादेशिक परिवहन अधिकारी मनीष कुमार शर्मा ने इस घटना को पूर्व नियोजित साजिश बताया है। उन्होंने कहा कि ट्रेलर चालक ने जानबूझकर इंस्पेक्टर नरेश को निशाना बनाया।
कोटा में ट्रेलर ड्राइवर ने आरटीओ इंस्पेक्टर को कुचला
जानकारी के अनुसार, ये घटना शनिवार शाम, करीब 7 बजे की बताई जा रही है। हादसे में परिवहन विभाग की बोलेरो गाड़ी के चालक देवेंद्र को भी चोटें आई हैं। जैसे ही घटना की जानकारी मिली, जिला कलेक्टर रविंद्र गोस्वामी कोटा न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया और घटना की जानकारी ली। मौके पर पुलिस अधिकारी भी पहुंच गए और जांच शुरू कर दी गई है। हाइवे एम्बुलेंस और 108 एम्बुलेंस भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। इस हादसे ने पूरे प्रशासन और परिवहन महकमे को झकझोर कर रख दिया है।
ऐसे हुई घटना
डीएसपी राजेश ढाका ने कहा कि RTO इंस्पेक्टर नरेश बरवाल अपनी टीम के साथ हाइवे 52 पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। RTO की टीम गोपालपुरा माताजी 8 लाइन टोल प्लाजा के पास खड़ी थी। उसी दौरान झालावाड़ की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने RTO की सरकारी गाड़ी के टक्कर मार दी। हादसे के वक्त RTO इंस्पेक्टर नरेश बरवाल गाड़ी में बैठे हुए थे। टीम के अन्य सदस्य सड़क पर खड़े थे। टक्कर के बाद गाड़ी सड़क से नीचे उतर गई।
सोची समझी साजिश
हादसे में इंस्पेक्टर नरेश की मौत हो गई। नरेश कोटा के पार्वतीपुरम के रहने वाले थे। नरेश की मौत हो जाने से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। कोटा के प्रादेशिक परिवहन अधिकारी मनीष कुमार शर्मा ने कहा कि स्टाफ से पता चला है कि एक ट्रेलर का चालान उड़न दस्ता ने काटा था। जिससे नाराज ट्रेलर चालक ट्रेलर को लेकर वापस आया और उसने इंस्पेक्टर को सोची समझी साजिश की तरह कुचला है।
