4 May 2025 Rajasthan mein Aaj ka Mausam (राजस्थान में आज का मौसम): राजस्थान में मौसम परिवर्तन का दौर जारी है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। इसके प्रभाव से बीते तीन दिनों में राज्य के विभिन्न इलाकों में तेज आंधी चली, जबकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी दर्ज की गई। कई जगहों पर ओले गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। पिछले 24 घंटों में बारिश के कारण तापमान में 2 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखी गई। जयपुर, अलवर, जोधपुर, सीकर, झुंझुनू, नागौर समेत कई जिलों में जोरदार बारिश हुई, वहीं सीकर, नागौर और झुंझुनू के कुछ इलाकों में ओले भी गिरे। आज रविवार को भी राजस्थान के कुछ हिस्सों में बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाएँ चल रही हैं।
मौसम विभाग ने कई इलाकों में आज भी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग की डेली डेटा रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को राज्य के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हुई, जबकि अन्य स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। भरतपुर जिले के कामां में सर्वाधिक 77 मिमी. बारिश हुई। वहीं, जोधपुर और उदयपुर संभाग में कुछ स्थानों पर गर्म हवाएं (हीट वेव) भी दर्ज की गईं। तापमान के लिहाज से, जैसलमेर में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान बाड़मेर व कोटा में 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में आर्द्रता की औसत मात्रा राज्य के अधिकांश हिस्सों में 28 से 81 प्रतिशत के बीच दर्ज की गई।
IMD का अलर्ट
IMD के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र सक्रिय है, जिससे इस सप्ताह अधिकांश जिलों में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। आज राज्य में लगातार सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण कई क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा, 5 से 7 मई के बीच राजस्थान के कुछ हिस्सों में तेज मेघगर्जन और आंधी के साथ मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। वहीं, 6 और 7 मई को बाड़मेर, जालोर और आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं भारी बारिश की भी आशंका जताई गई है। अच्छी खबर यह है कि राज्य में अगले एक सप्ताह तक हीट वेव का खतरा नहीं रहेगा। मौसम परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सावधानियां बरतना फायदेमंद होगा।
अधिकतम तापमान
मौसम विभाग की फोरकास्ट रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार को अजमेर में 40.8 डिग्री, अलवर 37.6 डिग्री, जयपुर में 36.8 डिग्री, सीकर में 39.5 डिग्री, कोटा में 41.7 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 43.6 डिग्री, बाड़मेर में 42.4 डिग्री, जैसलमेर में 41.1 डिग्री, जोधपुर में 42.1 डिग्री, बीकानेर में 41.8 डिग्री, चूरू में 41.4 डिग्री और श्री गंगानगर में 39.0 डिग्री और माउंट आबू में 30.0 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है।
न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग की फोरकास्ट रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार को अजमेर में 25.8 डिग्री, अलवर में 22.8 डिग्री, जयपुर में 25.2 डिग्री, सीकर में 23.5 डिग्री, कोटा में 27.0 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 28.2 डिग्री, बाड़मेर 28.6 डिग्री, जैसलमेर में 28.2 डिग्री, जोधपुर में 29.0 डिग्री, बीकानेर में 27.0 डिग्री, चूरू में 24.1 डिग्री और श्री गंगानगर में 23.2 डिग्री और माउंट आबू में 18.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है।
