जयपुर से दिल्ली जाने वाले लोगों के लिए सफर अब महंगा होने वाला है। क्योंकि एनएचएआई ने टोल की दरों में एक बार फिर वृद्धि की है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानी NHAI द्वारा जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर टोल टैक्स बढ़ाने का ऐलान किया गया था। इस ऐलान के बाद से नई टोल दरें आज यानी 1 अप्रैल 2025 से लागू कर दी गई है। जानकारी के लिए बता दें कि जयपुर-दिल्ली हाईवे पर टोल टैक्स 15 रुपये तक बढ़ गया है। आइए आपको इसके बारे में विस्तार से बताएं -
जयपुर से दिल्ली का सफर होगा महंगा
जयपुर-दिल्ली हाईवे पर बढ़ा टोल टैक्स
एनएचएआई द्वारा जयपुर-दिल्ली हाईवे पर बढ़ा टोल टैक्स हाईवे में पड़ने वाले तीन टोल नाकों पर चुकाया जाएगा। हाईवे पर दौलतपुरा टोल, शाहजहांपुर टोल और मनोहरपुर टोल है। इसमें एक पर 5 रुपये टोल की वृद्धि हुई है तो दूसरे टोल पर 10 रुपये की वृद्धि हुई है। वहीं तीसरे टोल पर केवल कमर्शियल वाहनों के टोल में वृद्धि की गई है। जानकारी के अनुसार, इन सभी टोल नाकों पर टोल की अलग-अलग दरें निर्धारित हैं और उसी के अनुसार, टैक्स में वृद्धि की गई है। जैसे पहले दौलतपुरा टोल पर कार का टोल 75 रुपये था, जिसे बढ़ाकर 80 रुपये कर दिया गया है। वहीं बस और ट्रक का टोल 260 रुपये था, जो अब 265 रुपये कर दिया गया है। शाहजहांपुर टोल की बात करें तो यहां टोल की कीमतों में 10 रुपये की वृद्धि की गई है। जहां पहले टोल की कीमत 190 रुपये थी अब वह बढ़कर 200 रुपये हो गई है। मनोहरपुर टोल प्लाजा पर कार, जीप की दरों में कोई वृद्धि नहीं हुई है। लेकिन हल्के और भारी कमर्शियल वाहनों की टोल दरों में वृद्धि की गई है।
टोल बढ़ने पर वाहन चालकों में दिखी नाराजगी
जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर टोल की दरों में वृद्धि होने से वाहन चालकों में नाराजगी देखने को मिल रही है। वाहन चालकों का कहना है कि सरकार टोल दरों में वृद्धि करने में लगी है, लेकिन सुविधाएं नहीं दी जा रही है। किराए में कोई वृद्धि नहीं हुई है लेकिन टोल टैक्स बढ़ा दिए गए हैं। जयपुर-दिल्ली हाईवे का प्रयोग करने वाले वाहन चालक एनएचएआई के फैसले से नाखुश नजर आ रहे हैं। लोगों का कहना है कि प्रबंधन जब मन में आ रहा है तब टोल में वृद्धि कर देता है, लेकिन हाईवे की दुर्दशा पर कोई एक्शन नहीं लिया जा रहा है। यहां सुविधाएं मुहैया कराने के नाम पर टालमटोल किया जा रहा है। वाहन चालकों का कहना है कि सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो रहे हैं। इन्हें सही करना के बजाए टोल में वृद्धि की जा रही है।
खास बात यह है कि पिछले 15 साल से लगातार केवल पैसा बढ़ा कर टोल वसूली का काम हो रहा है। लेकिन सुगम सफर के दावे सिर्फ कागजों के नजर आते है। NHAI ने टोल वसूली के नाम पर रिकॉर्ड भी बनाया है। देश के टॉप 10 टोल प्लाजा की सूची में शाहजहांपुर टोल प्लाजा दूसरे नंबर पर है। इस टोल प्लाजा से पिछले 5 साल में करीब 14 हजार करोड़ रुपए टोल टैक्स के रूप में वसूले जा चुके है।
