कल यानी सोमवार रात 10 बजे के आसपास राजस्थान के ब्यावर में अफरा तफरी का माहौल बन गया। कारण था एक तेजाब की फैक्ट्री से हो रहा गैस का रिसाव। जिसकी चपेट में कंपनी के मालिक भी आ गए, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे लगभग 60 लोग प्रभावित हुए हैं जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। गैस के असर से कई पालतू जानवरों और आवारा कुत्तों की भी मौत हुई है।
क्या है मामला
सोमवार रात लगभग 10 बजे ब्यावर थाने के बाड़िया क्षेत्र की सुनील ट्रेडिंग कंपनी में एक तेजाब के टैंकर से गैस का रिसाव होने लगा। इस हादसे में कंपनी के मालिक सुनील सिंघल की तबियत बिगड़ गई। इलाज के लिए उन्हें अजमेर ले जाया गया,जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
अबतक मिली जानकारी के अनुसार टैंकर में नाइट्रिक एसिड भरा हुआ था, जिससे नाइट्रोजन गैस का रिसाव हुआ। टैंकर को खाली करने के दौरान यह हादसा हुआ। रिसाव इतना तेज था कि कुछ देर में ही गैस आसपास के रिहायशी इलाके में फैल गई। जिसकी वजह से 60 से ज्यादा लोग इसकी चपेट में आ गए। इन लोगों को राजकीय अमृत कौर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी लोगों को दम घुटने के साथ आंखों में जलन की शिकायत थी।
सीज कर दी गई है फैक्ट्री
सूचना मिलने पर पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रात को ही गैस लीकेज पर काबू पा लिया। टैंकर में पानी भरकर उसे सील कर दिया गया है। जिला कलेक्टर महेंद्र खडगावत ने फैक्ट्री को सीज करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस को तत्काल प्रभाव से मामला दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। हालात अब नियंत्रण में है।
