Vande Bharat Train: राजस्थान के लोगों को एक और वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिलने वाली है। जल्द ही बीकानेर से दिल्ली के बीच वंदे भारत ट्रेन का संचालन होने वाला है। इस ट्रेन के चलने से दिल्ली से बीकानेर का सफर डेढ़ घंटा कम समय में ही पूरा हो जाएगा। अभी इस दूरी को तय करने में 7 घंटे 50 मिनट का समय लगता है। लेकिन वंदे भारत ट्रेन से यह सफर महज 6 घंटा 20 मिनट में ही पूरा हो जाएगा।
वंदे भारत ट्रेन
दिल्ली से बीकानेर के बीच कब शुरू होगी वंदे भारत
बीकानेर से दिल्ली के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन की अस्थायी समय सारणी रेलवे बोर्ड द्वारा जारी कर दी गई है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण के अनुसार रेलवे बोर्ड ने बीकानेर मंडल को वंदे भारत ट्रेन के प्रारंभिक रखरखाव की जिम्मेदारी सौंपी है। बीकानेर रेलवे स्टेशन पर अभी वंदे भारत ट्रेन के प्रारंभिक मेंटिनेंस की सुविधा उपलब्ध नहीं है। जल्द ही यह सुविधा इस रेलवे स्टेशन पर मिल जाएगी। जिसके बाद दिल्ली से बीकानेर के बीच वंदे भारत ट्रेन चलनी शुरू हो जाएगी।
वंदे भारत ट्रेन की समय सारिणी
रेलवे की समय सारिणी के अनुसार बीकानेर से वंदे भारत ट्रेन सुबह 5:55 बजे चलेगी। यह ट्रेन दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर दिल्ली पहुंच जाएगी। वापसी में यह ट्रेन शाम 4 बजकर 30 मिनट पर दिल्ली से रवाना होगी और रात 10 बजकर 50 मिनट पर बीकानेर पहुंचेगी। दिल्ली से बीकानेर का सफर तय करने में यह ट्रेन सिर्फ एक ही स्टेशन पर रुकेगी। इस रूट पर सिर्फ रेवाड़ी स्टेशन पर ही वंदे भारत ट्रेन का स्टॉप होगा।
