जयपुर में अवैध गैस रिफिलिंग पर रसद विभाग की बड़ी कार्रवाई, गजसिंहपुरा और हसनपुरा में छापेमारी

जयपुर में शनिवार को रसद विभाग ने अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। जिला प्रशासन के निर्देश पर दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 85 सिलेंडर व उपकरण जब्त किए गए। यह अभियान जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सख्ती से चलाया गया।

Jaipur Illegal Gas Refilling: शनिवार को जयपुर में रसद विभाग ने अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ एक अहम कार्रवाई की। यह अभियान जिला कलेक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी के निर्देश पर जिला रसद अधिकारी त्रिलोक चंद मीणा के नेतृत्व में चलाया गया। टीम ने गजसिंहपुरा और हसनपुरा में छापेमारी करते हुए कुल 85 गैस सिलेंडर, पांच गैस रिफिलिंग मोटर और दो वजनी कांटा मशीनें जब्त कीं। गजसिंहपुरा से 71 घरेलू और 9 कॉमर्शियल सिलेंडर, चार रिफिलिंग मोटर तथा एक वजनी कांटा मशीन बरामद हुई।

Jaipur Illegal Gas Refilling (Representative Photo: Canva)

जयपुर में अवैध गैस रिफिलिंग (प्रतिकात्मक फोटो: Canva)

जबकि हसनपुरा के रिहायशी इलाके से पांच घरेलू सिलेंडर, एक रिफिलिंग मोटर और एक वजनी कांटा मशीन जब्त की गई। जिला रसद अधिकारी के अनुसार, दोनों स्थानों पर बिना किसी अधिकृत अनुमति के गैस रिफिलिंग की जा रही थी, जो आमजन की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। विभाग ने भविष्य में औचक निरीक्षणों की योजना बनाई है, ताकि अवैध गैस रिफिलिंग रैकेट पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके। इसके साथ ही प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी गैस सिलेंडरों के संदिग्ध उपयोग या अवैध रिफिलिंग की जानकारी मिले, तो वे तुरंत विभाग या प्रशासन को सूचित करें, जिससे समय रहते कार्रवाई कर संभावित हादसों को रोका जा सके।

End of Feed