राजस्थान के सवाई माधोपुर में फलोदी गांव में तेंदुआ घुसने से हड़कंप मच गया। तेंदुए को देखर गांव के लोग अपनी जान-बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। तेंदुआ एक पुराने मकान के अंदर घुसा हुआ था। वन विभाग की टीम ने उसे ट्रेंकुलाइज कर अपने कब्जे में लिया। इस दौरान ग्रामीणों की भीड़ भी मौके पर जमा हो गई। वहीं तेंदुए के घर के एक कमरे में छिपे होने के कारण वन विभाग की टीम को उसे ट्रेंकुलाइज करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। जिसके बाद टीम तेंदुए को रेस्क्यू कर अपने साथ ले गई।
घर में घुसे तेंदुए को किया गया रेस्क्यू
लोगों की मौजूदगी में घर में घुसा तेंदुआ
रणथंभौर टाईगर रिजर्व से सटे फलोदी गांव में बीती रात को एक महिला खाना खाकर घर के बाहर टहल रही थी। इस दौरान तेंदुए ने उसपर हमला कर दिया। इस दौरान महिला के करीब दीवार पर बंधे तार पर कपड़े सूख रहे थे, जिसमें तेंदुए के उलझने से महिला की जान बच गई। लेकिन तेंदुआ एक कुत्ते को उठाकर ले गया। जिसके बाद अल सुबह तेंदुआ फिर से गांव में आकर एक घर में घुस गया। इस दौरान घर में पूरा परिवार मौजूद था। गनीमत की बात ये रही कि तेंदुआ घर के उस कमरे में घुसा, जिसमें कोई शख्स मौजूद नही था। जिसका फायदा उठाकर परिवारजन अपनी जान बचाकर घर से बाहर भाग गए।
डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद तेंदुआ हुआ रेस्क्यू
गांव के अन्य लोग भी परिवार जनों के शोर की आवाज सुनकर मौके पर एकत्रित हो गए। उन्होंने घर के दरवाजे को बाहर से बंद करके वन विभाग को मामले की सूचना दी। जिसके बाद वनपाल सुमन गुर्जर वन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए को ट्रंकुलाइज कर रेस्क्यू कर लिया। जिसके बाद वन विभाग की टीम उसे अपने साथ ले गई और रणथम्भौर टाइगर रिजर्व के जंगल में छोड़ दिया। गौरतलब कि इन दिनों रणथम्भौर टाइगर रिजर्व के आसपास वाले इलाकों में जंगली जानवरों की दहशत छाई हुई है। आए दिन कोई न कोई जंगली जानवर जंगल से निकलकर आबादी वाले इलाकों में आ रहे हैं। जिसके चलते इन इलाके के लोगों में दहशत है।
