Jaipur Road Accident: राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां जयपुर के बस्सी इलाके में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में दो छात्राओं सहित तीन लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को जब्त करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि हादसा डंपर और मोटरसाइकिल की टक्कर के कारण हुआ है।
जयपुर में सड़क हादसा
बस्सी थाने के सहायक उपनिरीक्षक तोताराम ने बताया यह हादसा उस समय हुआ जब बस्सी में तिराहे पर एक डंपर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। मोटरसाइकिल सवार दो युवतियों व मोटरसाइकिल चालक की मौत हो गई। मृतकों की पहचान प्रिया (22) और खुशी (21) व खुशीराम के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि युवतियां कोचिंग के लिए जा रही थीं और उन्होंने मोटरसाइकिल वाले से 'लिफ्ट' ली थी। तभी तिराहा पुलिया के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे के बाद डंपर चालक मौके देख वहां से फरार हो गया है। पुलिस मामले की जांच करते हुए डंपर ड्राइवर की तलाश में जुटी हुई है। मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
