जयपुर

रिश्वत लेते धरे गए विधायक जी! ACB ने BAP एमएलए को 20 लाख लेते रंगे हाथों पकड़ा

राजस्थान की बागीदौरा विधानसभा से भारतीय आदिवासी पार्टी (बीएपी) के विधायक जय कृष्ण पटेल को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने रंगे हाथों 20 लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। रिश्वत लेने की जानकारी मिलने के बाद से ही पुलिस ने विधायक और उनसे जुड़े लोगों के मोबाइल को सर्विलांस पर डाल दिया था।

Image

BAP MLA Jai Krishna Patel

जयपुर : 20 लाख रुपये रिश्वत मामले में राजस्थान एसीबी ने रविवार को भारतीय आदिवासी पार्टी (बीएपी) के विधायक को ट्रैप किया। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बांसवाड़ा के बागीदौरा विधानसभा सीट से विधायक जय कृष्ण पटेल को हिरासत में लिया। जानकारी के अनुसार, रविवार शाम 5:30 बजे प्रेस वार्ता कर एसीबी के डीजी रवि प्रकाश मेहरड़ा इस पूरे मामले की जानकारी देंगे। विधायक पर आरोप है कि वह विधानसभा में सवाल करने के एवज में रिश्वत मांगते थे। इस बार विधायक की ओर से 2.50 करोड़ की रिश्वत मांगी गई थी। गनमैन के जरिए पहली किस्त के तौर पर 20 लाख रुपये लेते हुए विधायक को एसीबी ने दबोचा।

एसीबी की टीम ने ऐसे पकड़ा

विधायक के जयपुर और बागीदौरा स्थित ठिकानों पर एसीबी की टीम का सर्च ऑपरेशन जारी है। गनमैन फरार बताया जा रहा है। रिश्वत लेने की जानकारी मिलने के बाद से ही पुलिस ने विधायक और उनसे जुड़े लोगों के मोबाइल को सर्विलांस पर डाल दिया था। बता दें, राजस्थान की बागीदौरा विधानसभा में हुए उपचुनाव (2024) में भारतीय आदिवासी पार्टी ने जय कृष्ण पटेल को टिकट देकर चुनावी मैदान में उतारा था। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के सुभाष तंबोलिया को 51,434 मतों के प्रभावशाली अंतर से हराया और विधानसभा पहुंचे थे। जयकृष्ण पटेल को कुल 1,22,573 वोट प्राप्त हुए, जबकि भाजपा उम्मीदवार को 71,139 वोट मिले। यह सीट मौजूदा विधायक और पूर्व मंत्री महेंद्रजीत मालवीया के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी।

पटेल 2024 में ही उपचुनाव जीतकर विधायक बने। दरअसल, बागीदौरा सीट से कांग्रेस के पूर्व विधायक महेंद्रजीत मालवीया ने इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद यह सीट खाली हो गई थी। मालवीया कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए और बांसवाड़ा सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा था। लोकसभा चुनाव के साथ ही राजस्थान की 7 सीटों पर उपचुनाव संपन्न हुए थे। इनमें से एक बागीदौरा सीट भी थी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article