Jaipur News: जयपुर में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का प्रकरण सामने आया है। पीड़िता ने तीन लोगों के खिलाफ दुष्कर्म और ब्लैकमेल करने का केस दर्ज करवाया है। एसीपी वैशाली नगर आलोक कुमार को इस प्रकरण की जांच सौंपी गई है। यह घटना जयपुर के करणी विहार थाना इलाके की बताई जा रही है। एसीपी आलोक कुमार ने बताया है कि, महिला पिछले 8 साल से करणी विहार थाना इलाके में ड्राईक्लीन का बिजनेस संभाल रही है। साल 2018 में महिला की मुलाकात एक शख्स से हुई। इसी दौरान शख्स ने महिला को उसके बिजनेस को बढ़ाने और कई और राज्यों में फ्रेंचाइजी खोलकर अधिक पैसा कमाने का ऑफर दिया था।
जयपुर में महिला को बेहोश कर किया गैंगरेप (Representative Image)
बता दें कि, शख्स के बिजनेस को लेकर दिए गए मुनाफे के ऑफर को महिला ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद उस शख्स ने छत्तीसगढ़ के रायपुर में फ्रेंचाइजी खोलने की बात कही। उसने इसको लेकर 50 लाख रुपए का खर्च आने की बात कही। जिसमें 60 प्रतिशत हिस्सेदारी इसी आरोपी शख्स की रहती और 40 प्रतिशत हिस्सेदारी पीड़िता की होना तय कर दिया गया। बिजनेस के लिए इस शख्स ने पीड़ित महिला से 20 लाख रुपए भी ले लिए।
ब्लैकमेल कर कई बार किया रेप
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता को बिजनेस से संबंधित कुछ कागजों पर सिग्नेचर करने के लिए आरोपी ने सिरसी रोड के पास एक होटल में बुलाया। आरोपी ने होटल में कुछ अन्य लोगों के भी आने की बात कही। आरोपी ने पीड़िता को कुछ देर बैठने के लिए कहा और कॉफी मंगवा कर उसे पिलाई। कॉफी पी लेने के बाद महिला वहीं बेहोश हो गई और इस दौरान आरोपी ने उसके साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने रेप करने के बाद महिला के अश्लील फोटो और वीडियो भी मोबाइल से बना लिए। जब महिला ने आरोपी की इस हरकत का विरोध किया तो आरोपी ने अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम कर देने की धमकी दी। बदनामी के डर से महिला शांत हो गई। उसने अपने परिजनों को भी इस बारे में कुछ नहीं बताया। इसके बाद फिर आरोपी हर दो-तीन महीने के बाद पीड़िता को ब्लैकमेल कर मिलने के लिए बुलाता और उसका देह शोषण किया करता।
रायपुर बुलाकर फिर से किया गैंगरेप
जानकारी के लिए बता दें कि, जून 2022 में आरोपी ने पीड़िता को उसके फोटो और वीडियो डिलीट करने के बहाने फिर एक होटल में मिलने के लिए बुलाया। यहां पर होटल में आरोपी के दो दोस्त पहले से आए हुए थे। यहां पर आरोपी और उसके दोनों दोस्तों ने पीड़िता के साथ गैंगरेप किया। इसके बाद फिर अगस्त 2022 में पीड़िता को रायपुर बुलाया और फिर से तीनों आरोपियों ने महिला के साथ गैंगरेप किया। आरोपियों की बार-बार दरिंदगी करने से परेशान होकर महिला ने अपने परिजनों को इस मामले को बताया। जिसके बाद महिला ने तीनों आरोपियों के खिलाफ ब्लैकमेल करने, सामूहिक दुष्कर्म करने का केस दर्ज करवाया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी खोज शुरू कर दी है।
