राजस्थान की राजधानी जयपुर में स्थित एक प्राइवेट कोचिंग सेंटर में पढ़ रहे 10 छात्रों को संडे (15 दिसंबर) शाम को अचानक सांस लेने में तकलीफ की शिकायत होने पर पास के एक अस्पताल ले जाया गया कुछ छात्र बेहोश हो गए प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, नाले से जहरीली गैस का रिसाव होने के कारण यह घटना घटी। जैसे ही गैस का रिसाव हुआ, कोचिंग क्लास के अंदर मौजूद छात्राओं को सांस लेने में कठिनाई महसूस होने लगी, जिसके बाद कुछ छात्राएं बेहोश होकर गिर पड़ीं।
घटना के बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़ित छात्रों में आठ लड़कियां एवं दो लड़के बताए जा रहे हैं, इलाके में स्थित एक निजी अस्पताल के डॉक्टर ने कहा कि उनके यहां सात बच्चों को दाखिल करवाया गया है जिन्हें सांस लेने में दिक्कत के कारण यहां लाया गया था वहीं दो बच्चों को कहीं और ले जाया गया।
वहीं अधिकारियों ने फूड प्वाइजनिंग की आशंका को खारिज करते हुए कहा कि पीड़ित छात्रों की हालत अब सामान्य है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि नाले से गैस का रिसाव किस वजह से हुआ। पुलिस ने यह भी कहा कि घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
