Dausa News: राजस्थान के दौसा जिले में सोमवार दोपहर पांच वर्षीय एक बच्चा खुले बोरवेल में गिर गया और उसे सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। नांगल क्षेत्राधिकारी चारू गुप्ता ने बताया कि पांच वर्षीय एक बच्चा खेत में खुले बोरवेल में गिर गया। उन्होंने बताया कि 150 फुट गहरे बोरवेल पर ढक्कन नहीं था और खेलते समय पांव फिसलने की वजह से आर्यन उसमें गिर गया।
मौके पर जुटे अधिकारी।
ऑक्सीजन की आपूर्ति जारी
अधिकारी ने बताया कि बच्चे को पाइप से ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर जिलाधिकारी देवेंद्र कुमार सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयासों की जानकारी ली। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर मौजूद है और बच्चे की गतिविधियों पर बोरवेल में डाले गये कैमरे के जरिये नजर बनाए हुए है।
बचाव अभियान जारी
खुले बोरवेल में गिरे आर्यन को बचाने के लिए बचाव अभियान जारी है। मेडिकल टीम, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर मौजूद है। बच्चे को बोरवेल से निकालने के लिए जेसीबी मशीन की सहायता ली जा रही है। मशीन के माध्यम से खुदाई की जा रही है।
सितंबर में भी हुआ बोरवेल हादसा
जानकारी के अनुसार, 19 सितंबर को दौसा के बांदीकुई में नीरू नाम की दो साल की बच्ची 600 फीट गहरे बोरवेल में गिर गई थी। 18 घंटे तक चले बचाव अभियान में बच्ची को सही-सलामत बाहर निकाला गया। ऐसा ही एक हादसा बाड़मेर में 20 नवंबर को सामने आया था, जहां 4 साल का बच्चा खुले बोरवेल में गिर गया और उसकी मौत हो गई थी।
