Rajasthan Teacher Transfer: शिक्षा विभाग ने विधायकों से शिक्षकों के तबादलों के लिए 70 नाम मांगे हैं, जिसमें केवल उन शिक्षकों के नाम शामिल होंगे जो अपने क्षेत्र में तबादला चाहते हैं। यह पहल संभावित तबादलों की पूर्व तैयारी के तहत की गई है। विभाग ने विधायकों को एक फॉर्मेट भेजा है, जिसमें शिक्षक का नाम, एम्प्लाई आईडी, वर्तमान पद, वर्तमान स्थान, जिला, इच्छित स्थान और स्कूल कोड जैसी जानकारी भरनी होगी।
सांकेतिक फोटो
किस श्रेणी के शिक्षकों का तबादला शामिल
इस प्रक्रिया में तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादले शामिल नहीं होंगे। शिक्षामंत्री मदन दिलावर ने स्पष्ट किया है कि यह केवल जानकारी इकट्ठा करने की प्रक्रिया है, अभी तक तबादले खोलने का कोई फैसला नहीं लिया गया है। सोशल मीडिया पर जब यह फॉर्मेट वायरल हुआ तो भ्रम की स्थिति बनी, जिस पर स्पष्टीकरण दिया गया। विधायकों को 15 जून तक नाम भेजने का निर्देश दिया गया है, उन्हें शिक्षामंत्री की ईमेल आईडी educationminister2024@gmail.com पर नाम भेजने होंगे।
सपोटरा विधायक ने 13 जून तक मांगा आवेदन
करौली और सपोटरा के विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों के टीचरों से 13 जून तक आवेदन मांगे हैं। सपोटरा विधायक हंसराज मीणा ने केवल अपने क्षेत्र के शिक्षकों से जानकारी मांगी है। वहीं, करौली विधायक दर्शन गुर्जर ने कहा कि यह फॉर्मेट गलती से पोस्ट हुआ था और उन्होंने शिक्षकों से तबादलों के लिए कोई आवेदन नहीं मांगे हैं। शिक्षामंत्री ने यह भी कहा कि विभागीय स्टाफ द्वारा तैयार किया गया फॉर्मेट केवल संभावित प्रक्रिया की तैयारी के लिए है, तबादले का फैसला अभी तक नहीं किया गया है।
