Bikaner Blast: बीकानेर में मंगलवार को एक ज्वेलरी मेकिंग दुकान में सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई और 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ब्लास्ट के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह धमाका इतना तेज था कि आसपास की दुकानें भी क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है। कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
ज्वेलरी मेकिंग दुकान में सिलेंडर फटा
दुकान में काम चलने के दौरान हुआ ब्लास्ट
बीकानेर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थिति एक ज्वेलरी मेकिंग दुकान में सिलेंडर ब्लास्ट की यह घटना हुई। बताया जा रहा है कि यह इलाका ज्वेलरी मेकिंग का प्रमुख केंद्र है। यहां कई दुकानों में गहने बनाने का काम किया जाता है। मंगलवार को इस दुकान में जब ब्लास्ट हुआ, तब यहां काम चल रहा था। घटनास्थल पर पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। अभी तक 12 लोगों को बाहर निकाल लिया गया है, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इन लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मलबे में अभी भी कई लोगों के दबे होने की आशंका है।
अलर्ट मोड पर NDRF की टीम
घटना की सूचना मिलने के बाद जिला कलेक्टर नम्रता वर्षांनी और जिला पुलिस अधीक्षक कवेंद्र सिंह सागर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिस्थिति का जायजा लिया। फिलहाल स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है और एनडीआरएफ की टीम भी अलर्ट मोड में है। इस घटना के बाद आसपास के इलाके को सील कर दिया गया है। इसके अलावा आसपास के घरों को भी खाली कराया गया है। इस हादसे को लेकर जांच के आदेश दे दिए हैं। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दुकान में किन हालातों में सिलेंडर ब्लास्ट हुए।
