जयपुर

जोधपुर में भड़की सांप्रदायिक हिंसा, दुकान-ट्रैक्टर में लगाई आग; पुलिसकर्मियों पर पथराव

राजस्थान के जोधपुर में ईदगाह के पीछे की तरफ द्वार के निर्माण को लेकर तनाव बढ़ गया। उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिससे दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।

Image

जोधपुर ईदगाह को लेकर विवाद

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

जोधपुर: शहर के एक इलाके में सांप्रदायिक हिंसा भड़कने पर पथराव में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, एक दुकान में आग लगा दी गई और दो वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया। जोधपुर पश्चिम के पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार यादव ने बताया कि सूर सागर इलाके में राजाराम सर्किल के पास ईदगाह के पीछे की तरफ द्वार के निर्माण को लेकर शुक्रवार रात झड़प हुई। इलाके के लोग द्वार के निर्माण का विरोध कर रहे हैं।

जीप में तोड़फोड़

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि बीती रात तनाव बढ़ गया और कुछ लोगों ने पथराव किया, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि एक दुकान और एक ट्रैक्टर को आग लगा दी गई और एक जीप में तोड़फोड़ की। अधिकारी ने कहा, ‘‘पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर लोगों को वहां से खदेड़ दिया और आंसू गैस के चार-पांच गोले भी छोड़े।

राजस्थान आर्म्ड कांस्टेबुलरी तैनात

शुक्रवार देर रात तक स्थिति पर काबू पा लिया गया, लेकिन इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शनिवार सुबह भी काफी संख्या में पुलिसकर्मी और ‘राजस्थान आर्म्ड कांस्टेबुलरी’ बल को इलाके में तैनात रखा गया। पुलिस आयुक्त राजेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर दो प्राथमिकियां दर्ज की गई हैं।

हिरासत में संदिग्ध लोग

पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस संदिग्धों को पकड़ने के लिए इलाके में छापेमारी कर रही है। पुलिस के अनुसार, ईदगाह के पीछे की तरफ द्वार बनाने के लिए शुक्रवार शाम दीवार का निर्माण कार्य शुरू किया गया था, जिसका स्थानीय लोगों ने विरोध किया। इसके बाद विरोध ने हिंसक रूप ले लिया और पथराव, आगजनी व तोड़फोड़ की गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंच कर भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया, कुछ लोगों ने सड़क किनारे मौजूद एक ट्रैक्टर में आग लगा दी और एक वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावा, भीड़ ने पुलिस पर भी पथराव किया। पुलिस ने दोनों समुदायों के मौजिज लोगों की मदद से कुछ समय के लिए स्थिति को नियंत्रित कर लिया था, लेकिन अचानक पथराव होने पर स्थिति फिर तनावपूर्ण हो गई।

(इनपुट-भाषा)

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article