जयपुर

Video: पिंक सिटी जयपुर में हो गया कांड, लो फ्लोर बस में घुस आया सांड; ड्राइवर-कंडक्टर और सवारी सबने कूदकर बचाई जान

राजस्थान की राजधानी जयपुर में सोमवार रात एक प्राइम टाइम हंगामा देखने को मिला। रात करीब साढ़े आठ बजे यहां सड़क पर दो सांड लड़ रहे थे। इसी दौरान एक सांड लो फ्लोर बस के अंदर घुस गया और जमकर उत्पात मचाया। बस ड्राइवर, कंडक्टर और सवारियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई।

Image

लड़ते हुए बस में घुसा सांड

पिंक सिटी जयपुर में सोमवार देर शाम एक बड़ा कांड हो गया। अपने बड़े-बड़े किले और ऐतिहासिक धरोहरों के लिए पहचान रखने वाले जयपुर में सोमवार रात दो सांडों के बीच लड़ाई हो गई। इस बीच झगड़ते हुए सांड एक लो-फ्लोर बस में घुस गए। सांडों के बस में घुसते ही, बस स्टैंड पर खड़ी लो-फ्लोर बस से सवारी चीखते हुए जान बचाकर बाहर निकले। ड्राइवर और कंडक्टर भी बस छोड़कर किसी तरह अपनी जान बचाकर भागे। गनीमत रही कि सांडों की इस लड़ाई में सिर्फ बस को नुकसान पहुंचा, किसी व्यक्ति को किसी तरह की चोट नहीं आई।

घटना कल यानी सोमवार 10 फरवरी रात करीब 8.30 बजे की है। शहर के हरमाड़ा थाना क्षेत्र में सीकर-जयपुर हाईवे पर टोड़ी मोड़ पर यह घटना हुई। पुलिस के अनुसार जिस बस में सांड लड़ते हुए घुसे, वह बस अजमेरी गेट से हरमाड़ा जा रही थी। पुलिस ने बताया कि टोड़ी मोड़ के पास दो सांड लड़ रहे थे। इसी दौरान एक सांड बस में घुस गया। नजारा देख बस में बैठी सवारियों के बीच चीख-पुकार मच गई। बस में सवारी कम थीं और वह सभी, जल्दी-जल्दी बस की खिड़कियों से बाहर कूद गए।

सांडों की इस लड़ाई में बस के शीशे टूट गए। इससे बस को काफी नुकसान पहुंचा। लेकिन गनीमत रही कि किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई। बस में घुसने के बाद एक सांड ने बस में जमकर उत्पात मचाया, जबकि दूसरा बस के गेट पर खड़ा रहा।

यह पूरा हंगामा करीब आधे घंटे तक चलता रहा। बाद में स्थानीय लोगों ने दोनों सांड़ों को किसी तरह से अलग किया। इस तरह गुलाबी नगरी में इस प्राइम टाइम हंगामे का अंत हुआ। वहां मौजूद कुछ लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो में देखा जा सकता है कि बस में घुसा सांड शीशे तोड़ रहा है और ड्राइवर व कंडक्टर उतरकर भाग रहे हैं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article