जयपुर : भाजपा राजस्थान द्वारा प्रदेश के सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस सरकार के 'जंगलराज' के खिलाफ होने वाली 'जन आक्रोश रथयात्रा' को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता का आयोजन हुआ। प्रेस वार्ता में 'जन आक्रोश यात्रा' का थीम सांग लांच किया। आमजन के लिए मिस्ड कॉल नम्बर (8140200200) जारी किया, जिसपर लोग मिस्ड कॉल करके कांग्रेस सरकार के खिलाफ जन आक्रोश दर्ज कर सकेंगे। साथ ही कांग्रेस सरकार के 4 वर्ष के कुशासन को लेकर चार्जशीट जारी और वेबसाइट लांच की गई, जिस पर 'जन आक्रोश यात्रा' से संबंधित सारे कार्यक्रम अपडेट रहेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने किया संबोधित
प्रेस वार्ता को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी अरूण सिंह, नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया, उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, राष्ट्रीय प्रवक्ता राज्यवर्धन सिंह राठौड़, सांसद किरोडी लाल मीणा, रामचरण बोहरा, प्रदेश मुख्य प्रवक्ता रामलाल शर्मा, प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रकांता मेघवाल, जिला प्रमुख रमा देवी चौपड़ा इत्यादि प्रमुख नेताओं की उपस्थिति में संबोधित किया। डॉ. सतीश पूनियां ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि, राजस्थान में कांग्रेस सरकार के शासन में जंगलराज, कुशासन और भ्रष्टाचार के विरूद्ध प्रदेश भाजपा द्वारा सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में निकाली जा रही जन आक्रोश यात्रा के रथों को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा जयपुर से रथों को रवाना कर 'जन आक्रोश यात्रा' का आगाज करेंगे।
भाजपा अध्यक्ष नड्डा करेंगे 1 दिसंबर को अभियान की शुरुआत
1 दिसंबर को जन आक्रोश अभियान का आरंभ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे। नड्डा 51 रथों की रवानगी जयपुर से करेंगे। पूरे प्रदेश में 200 विधानसभा क्षेत्रों तक 200 रथ जाएंगे। 14 दिसंबर तक 'जन आक्रोश यात्रा' चलेगी। इस यात्रा में प्रत्येक रथ पर एक शिकायत पेटिका होगी, जिसमें उस गांव के लोग उस विधानसभा के लोग अपनी शिकायतों को उसमें रख सकेंगे। 'जन आक्रोश यात्रा' 200 विधानसभाओं के गांव, ढाणी, तहसील, जिलों में पैदल चलकर करीबन 75 हजार किलोमीटर से अधिक का रास्ता तय करेगी। सभी विधानसभाओं में प्रभारी एवं सह-प्रभारी तैनात कर दिए गए हैं, जो मंडल और बूथ स्तर तक संगठनात्मक ढांचा तय करेंगे। इस माध्यम से 5 लाख कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण सक्रिय सहभागिता होने वाली है।
